एक्सप्रेस वे पर रुटीन चेकिंग के लिए गुजरती पुलिस वैन और उसमें सवार कुछ जवान. ओवरटेक की कोशिश में तेजी से गुजरती ब्रेजा कार से टक्कर और उसके बाद कार से निकला 15.39 करोड़ का सोना. सुनने में यह कहानी फिल्मी लग रही हो, लेकिन ऐसा हुआ हकीकत में है. मामला यूपी के कन्नौज से सामने आया है. जहां पुलिस ने एक ब्रेजा कार से 24 कैरेट का 10 सोना जब्त किया है. मामले में पुलिस ने कार सवार दो युवकों को भी गिरफ्तार किया है. जो नेपाल के रास्ते सोना तस्करी करने वाले गिरोह में शामिल थे.
एक्सप्रेस वे पर हुई टक्कर के बाद कार से मिले गोल्ड की जानकारी सामने आते ही तुरंत वरीय अधिकारी हरकत में आए. अब मामले की तफ्तीश गहराई से की जा रही है.
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर कार से 10 किलो सोना जब्त
दरअसल कन्नौज के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पुलिस ने एक कार से करीब 10 किलो सोना बरामद किया है. बरामद सोने की कीमत करीब 15 करोड़ 39 लाख रुपए बताई जा रही है. एसपी विनोद कुमार के मुताबिक, नेपाल से तस्करी कर सोना दिल्ली ले जाया जा रहा था. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नेपाल और दूसरा महाराजगंज का रहने वाला है.

कन्नौज पुलिस की गिरफ्त में दोनों तस्कर और टेबल पर जब्त सोना.
Photo Credit: NDTV
गोरखपुर के होटल से मिलता था खेप, दिल्ली पहुंचाना होता था
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल के पालपा जिले के हुंगी गांव निवासी सरोज पंत (33) पुत्र कृष्णराज पंत और महराजगंज जिले के ठूठीबारी निवासी संदीप जायसवाल (28) पुत्र संतोष जायसवाल के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें गोरखपुर के एक होटल में सोने की खेप दी जाती थी. जिसे दिल्ली पहुंचाना होता था. दिल्ली में सोना किसे देना है, इसकी जानकारी उन्हें पहले से नहीं होती थी.

कार से जब्त सोना.
Photo Credit: NDTV
कस्टम और जीएसटी विभाग को भी दी गई सूचना
मामले की सूचना कस्टम और जीएसटी विभाग को दे दी गई है. दरअसल,शनिवार को तालग्राम थाना पुलिस एक्सप्रेसवे पर रूटीन गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस की गाड़ी से दिल्ली जा रही एक कार की टक्कर हो गई. हादसे के बाद कार चालक भागने लगा, जिस पर पुलिस को शक हुआ और पीछा कर कार को रोक लिया गया.
तलाशी में कार से करीब 10 किलो सोने के बड़े बिस्किट बरामद हुए. आज पुलिस पुलिस ने खुलासा करते हुए तस्करो को जेल भेज दिया हैं. गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर पूरे रैकेट के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
कन्नौज की सोना जब्ती पर सियासी घमासान भी
कन्नौज में एक गाड़ी से बरामद सोने को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. अखिलेश ने दावा किया कि गाड़ी की तलाशी में 1 किलो के 26 सोने के बिस्कुट मिले, लेकिन पुलिस ने सिर्फ 10 बिस्कुट की बरामदगी दिखाई. अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए लिखा- “दस दिखाया, सोलह गटकाया ‘भाजपा' की पुलिस की माया.”
दस दिखाया, सोलह गटकाया
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 23, 2026
‘भाजपा' की पुलिस की माया
कन्नौज में पुलिस की गाड़ी से हुए एक्सीडेंट में सोने की तस्करी का खुलासा हुआ है। सूत्रों के अनुसार टक्कर लगने के बाद जब कार सवार भागने लगे तो पुलिस ने पीछा करके उन्हें पकड़ा और तलाशी के दौरान गाड़ी से 1 किलो के 26 सोने के बिस्कुट… pic.twitter.com/lwMR1gD7s3
अखिलेश ने आशंका जताई कि कहीं बरामद सोने को ‘पीली धातु' बताकर सरकारी हिसाब में दर्ज न किया जाए और बाद में असली सोना बदल न दिया जाए. आरोप सामने आते ही कन्नौज पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी कर इसे पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया है.
कन्नौज पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित उक्त भ्रामक एवं तथ्यहीन पोस्ट का स्पष्ट रूप से खंडन किया जाता है।
— Kannauj Police (@kannaujpolice) August 23, 2026
उक्त प्रकरण में पुलिस टीम द्वारा की गई तलाशी एवं बरामदगी के दौरान कुल 10 सोने के बिस्किट ही बरामद हुए थे। बरामदगी की कार्यवाही के समय मौके पर जीएसटी टीम को भी बुलाया गया…
अखिलेश के आरोप पर कन्नौज पुलिस का जवाब
पुलिस का कहना है कि कार्रवाई में कुल 10 सोने के बिस्कुट ही बरामद हुए थे. तलाशी और बरामदगी के दौरान मौके पर GST टीम को भी बुलाया गया था और पूरी कार्रवाई की नियमानुसार वीडियोग्राफी कराई गई. कन्नौज पुलिस ने कहा- “26 सोने के बिस्कुट बरामद होने अथवा पुलिस द्वारा बरामदगी में किसी प्रकार की हेराफेरी किए जाने के आरोप पूर्णतः असत्य, निराधार एवं भ्रामक हैं.”
कन्नौज से इसरायल खान की रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं