झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं. झारखंड में दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हुआ था. इसमें से एक सीट पर बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी चुनाव जीत गए हैं. वहीं दूसरी सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा से बैजनाथ राम जीते. विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल होने के बावजूद इंडिया गठबंधन अपने दोनों उम्मीदवारों को नहीं जिता सका. चुनाव परिणामों से संकेत मिलता है कि इस चुनाव में बड़े पैमाने पर क्रॉस वोटिंग हुई, जिसका सीधा फायदा एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को मिला.
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे नए एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि झारखंड से राज्यसभा के चुनाव में NDA समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी को जीत की बधाई , उन्हें कुल 28 मत मिले. कांग्रेस प्रत्याशी को केवल 20 वोट मिले. महागठबंधन बुरी तरह हारा.
चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग
झारखंड में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग देखने को मिली, जहां आरजेडी और सीपीआई-एमएल के कुछ विधायकों ने एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नथवानी के पक्ष में मतदान किया. आरजेडी के चार और माले के दो विधायक सदन में हैं, जिनके वोट नथवानी को मिले. वहीं, कांग्रेस को अपने 16 विधायकों के साथ जेएमएम के 4 विधायकों का समर्थन मिला. राज्य में जेएमएम के 34, कांग्रेस के 16, आरजेडी के 4 और माले के 2 विधायक हैं.
मतगणना में जेएमएम के बैजनाथ राम को 30 वोट मिले, जबकि परिमल नथवानी को 28 वोट हासिल हुए. कांग्रेस के उम्मीदवार प्रणव झा को 20 वोट मिले, वहीं 3 वोट अमान्य घोषित किए गए.

परिमल नाथवानी की प्रतिक्रिया आई सामने
राज्यसभा चुनाव जीतने पर परिमल नाथवानी का बयान भी सामने आया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि राज्यसभा सदस्य के तौर पर चौथे कार्यकाल के लिए सेवा करने का अवसर मिलने पर मैं बहुत आभारी हूं. यह पल मेरे लिए बहुत भावुक करने वाला है क्योंकि यह झारखंड से मेरा तीसरा कार्यकाल होगा, यही वह धरती है जहां से 2008 में मेरी संसदीय यात्रा शुरू हुई थी. अपनी कर्मभूमि में एक बार फिर लौटना मेरे लिए बहुत गर्व और विनम्रता का विषय है.
झारखंड राज्यसभा चुनाव के लिए सुबह 9 बजे से वोटिंग शुरू हुई और दोपहर 3 बजे तक चली. मतदान करने वाले 81 विधायकों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी, भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर शामिल हैं.

कौन हैं परिमल नाथवानी?
परिमल नथवानी राज्यसभा सांसद हैं. वो साल 2008 और 2014 में झारखंड से और 2020 में आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं. वो चौथी बार राज्यसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे हैं. नाथवानी गुजरात क्रिकेट और फुटबॉल एसोसिएशनों में भी शीर्ष पदों पर रह चुके हैं. वो रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में कॉपोरेट अफेयर्स के निदेशक और मुकेश अंबानी के बेहद करीबी सहयोगी हैं.
कौन हैं बैद्यनाथ राम?
बैद्यनाथ राम झारखंड मुक्ति मोर्चा के एक कद्दावर नेता और पूर्व विधायक हैं. वो झारखंड सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. झारखंड के एससी नेताओं में बैद्यनाथ राम प्रमुख चेहरे के रूप में गिने जाते हैं. वो बीजेपी से भी जुड़े थे और लातेहार विधानसभा सीट से विधायक और राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं. 2019 के चुनाव में टिकट न मिलने पर उन्होंने JMM का दामन थाम लिया. अब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं