विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और तबाही, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन से 23 लोगों की मौत, 7 लापता

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लापता हैं. घर, दुकानें और गाड़ियां पानी में बह गई हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है.

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और तबाही, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन से 23 लोगों की मौत, 7 लापता
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है.

जम्मू-कश्मीर में रविवार से हो रही लगातार बारिश ने भयानक रूप ले लिया है. अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण अब तक 23 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है और 7 लोग अभी भी लापता हैं. इस आपदा का सबसे ज्यादा असर पुंछ, राजौरी और डोडा जिलों में देखने को मिला है. पुंछ के लोरन-डुमिलान में मिट्टी धंसने से एक मकान पूरी तरह दब गया जिसमें एक ही परिवार के सात लोगों की जान चली गई.

करोड़ों का नुकसान, दुकानें और गाड़ियां बहीं

तबाही का मंजर ऐसा है कि राजौरी में बाढ़ का तेज बहाव अपने साथ 100 से ज्यादा गाड़ियां बहा ले गया. वहीं बडगाम जिले के बीरवाह इलाके में सुखनाग नदी उफान पर है. इसके तेज बहाव में लगभग दो दर्जन दुकानें बह गईं. इतना ही नहीं मुख्य बस स्टैंड के पास मौजूद एक बड़ा म्युनिसिपल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी ढह गया. इस तबाही में करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है. बाढ़ ने पीने के पानी की पाइपलाइनें तोड़ दी हैं और संपर्क मार्ग भी काट दिए हैं.

युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य

खतरे को देखते हुए बुधवार को कश्मीर के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है. बेघर हुए सैकड़ों लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया गया है. स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ), पुलिस और सुरक्षा बल लगातार लोगों की जान और माल बचाने में जुटे हैं. बचाव दल के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने दुकानों से सामान बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन अचानक इमारत गिरने से यह काम रुक गया.

अभी भी टला नहीं है खतरा

जम्मू-कश्मीर में अभी भी लगातार बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का सिलसिला जारी है. प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ आने के खतरे को लेकर चेतावनी दी है. सभी प्रमुख नदियों और नालों के जलस्तर पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है.

यह भी पढ़ें- 5 दिन चलेगी झमाझम बारिश, दिल्ली, यूपी से बिहार तक मॉनसून के बदले तेवर, 16 राज्यों में IMD का अलर्ट,  जानें आज का मौसम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jammu Kashmir Floods, Heavy Rainfall, Landslides
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com