राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के युवा नेता जय अजितदादा पवार ने बुधवार को पुणे स्थित CID कार्यालय पहुंचकर अजित पवार विमान हादसे की जांच को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की. इस दौरान उन्होंने जांच की मौजूदा स्थिति, अब तक हुई कार्रवाई और आगे की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों से यह भी पूछा कि जांच के कौन से पहलू अभी बाकी हैं और पूरी रिपोर्ट आने में कितना समय लग सकता है.
जांच में तेजी लाने की उठाई मांग
जय पवार ने अधिकारियों से कहा कि मामले की जांच तेज गति से आगे बढ़ाई जानी चाहिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि जांच पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए ताकि किसी तरह का संदेह या भ्रम न रह जाए. उनके अनुसार हादसे से जुड़े हर पहलू की निष्पक्ष जांच होना बेहद जरूरी है.
लाखों लोगों के विश्वास से जुड़ा है मामला
CID अधिकारियों से बातचीत के दौरान जय पवार ने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं है. अजित पवार से जुड़े लाखों लोगों की भावनाएं भी इस घटना से जुड़ी हुई हैं. ऐसे में हादसे के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आना जरूरी है ताकि लोगों के मन में उठ रहे सवालों के जवाब मिल सकें.
हर महत्वपूर्ण पहलू की हो गहन जांच
उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को घटना से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से जांच करनी चाहिए. यदि किसी स्तर पर लापरवाही या जिम्मेदारी तय होती है तो उससे जुड़े लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई भी होनी चाहिए. उनका मानना है कि पारदर्शी जांच से ही जनता का भरोसा मजबूत होगा.
विधायक विक्रम काकड़े भी रहे मौजूद
इस मुलाकात के दौरान विधायक विक्रम काकड़े भी जय पवार के साथ मौजूद रहे. बैठक के बाद जय पवार ने स्पष्ट संकेत दिया कि वह इस मामले को लेकर लगातार निगरानी बनाए रखेंगे. उन्होंने कहा कि जब तक विमान हादसे की पूरी सच्चाई सामने नहीं आ जाती तब तक वह जांच की प्रगति पर लगातार फॉलो-अप करते रहेंगे. उनका कहना है कि जनता को सच जानने का अधिकार है और इसी उद्देश्य से वह जांच प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं.
यह भी पढ़ें- MP में फिर अजब हो गया! 9 करोड़ रुपये से नदी पर बना दिया पुल, लेकिन सड़क बनाना भूल गए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं