- UAE के टैंकरों पर ईरानी हमले में एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई और 6 भारतीयों समेत 8 लोग घायल हो गए हैं
- अब भारत ने नई दिल्ली में ईरान के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन मोहम्मद जवाद होसैनी को तलब किया है
- पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अब तक 11 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है
होर्मुज में UAE के शिपिंग टैंकरों पर हुए ईरानी हमले में एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई और छह भारतीयों समेत आठ लोग घायल हो गए हैं. इसके बाद भारत ने नई दिल्ली में ईरान के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन को तलब किया है. भारत के विदेश मंत्रालय ने तेल व्यापार के इस अहम संकरे जलमार्ग से गुजरने वाले तेल टैंकरों पर ईरानी हमलों के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए मोहम्मद जवाद होसैनी को तलब किया है.
विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम नाविकों को निशाना बनाकर किए गए इन हमलों और हिंसा की घटनाओं की कड़ी निंदा करते हैं जो होर्मुज स्ट्रेट जैसे इंटरनेशनल जलमार्गों से आजाद और सुरक्षित नेविगेशन में रुकावट डालते हैं. हम मिडिल ईस्ट क्षेत्र में हमलों के फिर से शुरू होने और दुश्मनी बढ़ने पर अपनी गहरी चिंता भी दोहराते हैं और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता के लिए हिंसा को तुरंत रोकने और बातचीत और डिप्लोमेसी पर लौटने की अपील करते हैं."
बयान में कहा गया, "खासकर, इस क्षेत्र में कमर्शियल शिपिंग और सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाना बंद होना चाहिए ताकि इस क्षेत्र में इंटरनेशनल जलमार्गों से इंटरनेशनल कानून के अनुसार, जल्द से जल्द आजाद और बिना रुकावट के नेविगेशन और कॉमर्स बहाल हो सके."
UAE ने इस बात की पुष्टि की है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी रास्ते से गुजरते समय 'मोम्बासा' और 'अल बहिया' नाम के टैंकरों पर हमला हुआ था. इस हमले में 'मोम्बासा' पर मौजूद एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें से चार गंभीर रूप से घायल हैं.
#WATCH | Delhi: Iranian diplomats including Deputy Chief of Mission (DCM) Mohammad Javad Hosseini, who were summoned by Ministry of External Affairs, over recent attack on merchant vessels in Hormuz, leave from MEA
— ANI (@ANI) July 14, 2026
An Indian sailor was killed, six others were wounded in Iranian… pic.twitter.com/BUTEFblCdO
यह हमला ओमान के निकट होर्मुज जलडमरूमध्य में हुआ. यह घटना पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बड़े विस्तार के रूप में सामने आई है.
UAE ने क्या बताया?
UAE के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उसके राष्ट्रीय टैंकर ‘मोम्बासा' और ‘अल बहियाह' ओमान के क्षेत्रीय जलक्षेत्र में होर्मुज के दक्षिणी नौवहन मार्ग से गुजर रहे थे, तभी उन पर ईरान की ओर से दो क्रूज मिसाइलें दागी गईं. मंत्रालय ने बताया कि ‘मोम्बासा' टैंकर पर सवार चालक दल के एक भारतीय सदस्य की हमले में मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं. उसने बताया कि घायलों में छह भारतीय और यूक्रेन के दो नागरिक शामिल हैं. बयान के अनुसार, हमले के कारण दोनों टैंकरों में आग लग गई, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा. हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया.
अमेरिका ने भी लगातार तीसरे दिन किया हमला
इस बीच, अमेरिका ने मंगलवार तड़के ईरान पर हमले किए. यह ईरान पर अमेरिका का लगातार तीसरे दिन का हमला था. इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका होर्मुज में ईरानी जहाजों की नाकेबंदी ‘‘फिर से लागू'' कर रहा है. उन्होंने होर्मुज से सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने के बदले अन्य जहाजों से 20 प्रतिशत का टैक्स लेने का भी ऐलान किया. इसके जवाब में ईरान ने बहरीन, जॉर्डन और यूएई से जुड़े इन दोनों टैंकरों को निशाना बनाकर हमले किए.
बता दें कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अब तक 11 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है. इस संघर्ष के दौरान जहाजों और टैंकरों पर हुए हमलों के बीच कई नाविकों को भी बचाया गया है. पिछले महीने पलाऊ के ध्वज वाले टैंकर ‘एमटी सेट्टेबेलो' पर अमेरिका के हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी.
(इनपुट- पीटीआई भाषा)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं