मध्यपूर्व एशिया में युद्धविराम के ऐलान के कुछ ही घंटे के बाद पेट्रोलियम मंत्रालय ने कई अहम इंडस्ट्रियल सेक्टरों को 70% तक कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई शुरू करने की अनुमति दे दी. बुधवार को पेट्रोलियम सचिव ने राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर कहा कि फार्मा, खाद्य, पॉलिमर, कृषि, पैकेजिंग, पेंट, यूरेनियम, भारी जल, इस्पात, बीज, धातु, सिरेमिक, फाउंड्री, फोर्जिंग, ग्लास, एरोसोल आदि क्षेत्रों की औद्योगिक इकाइयों को मार्च 2026 से पहले के थोक गैर-घरेलू एलपीजी खपत स्तर का 70% प्राप्त होगा, जो 0.2 टीएमटी/दिन की समग्र क्षेत्रीय सीमा के अधीन होगा.
पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि 23 मार्च 2026 से अब तक लगभग 8.9 लाख 5-किलो के फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर बेचे जा चुके हैं. सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों ने पिछले 5 दिनों में 5-किलो एफटीएल सिलेंडरों के लिए लगभग 1600 जागरूकता शिविर आयोजित किए, जिनमें 14,000 से अधिक 5-किलो एफटीएल सिलेंडर भी बेचे गए.
मंगलवार, 07 अप्रैल को देशभर में 1.1 लाख से अधिक 5-किलो के सिलेंडर बेचे गए, जबकि फरवरी 2026 में प्रतिदिन औसतन 77,000 सिलेंडर बिके थे. अगर आप प्रवासी मजदूर हैं और आपके कोई भी सरकारी पहचान पत्र है तो आप एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर खुद को रजिस्टर कर सकते हैं, और आपको 5 किलो वाला FTL LPG सिलिंडर आसानी से मिल सकता है. आल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश के मुताबिक, यह सिलेंडर आप डिस्ट्रीब्यूटर के ऑफिस जाकर ले सकते हैं और ₹25 के चार्ज पर आपके घर पर भी इसकी डिलीवरी भी हो सकती है.
देश में एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई सामान्य रूप से चल रही है.बुधवार को पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के कारण एलपीजी आपूर्ति प्रभावित हो रही है. लेकिन एलपीजी वितरकों में किसी भी प्रकार की कमी की सूचना नहीं मिली है. पूरे उद्योग में ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग में लगभग 95% की वृद्धि हुई है. डायवर्जन को रोकने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) आधारित डिलीवरी में लगभग 91% की वृद्धि हुई है. घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी सामान्य बनी हुई है. 07.04.2026 को 53.5 लाख से अधिक घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए.
उधर देश में पीएनजी कनेक्शन का विस्तार जारी है. मार्च 2026 से अब तक लगभग 3.87 लाख एलपीजी कनेक्शनों का गैसीकरण किया जा चुका है और लगभग 4.21 लाख अतिरिक्त ग्राहकों ने नए PNG कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया है. 17,100 से अधिक एलपीजी उपभोक्ताओं ने MYPNGD.in वेबसाइट के माध्यम से अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर भी कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें: 1 बैरल तेल का 1 डॉलर... होर्मुज तो खुल गया लेकिन अब यहां से जहाज ले जाना पड़ेगा महंगा!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं