विज्ञापन

iPhone EMI बनी जानलेवा टेंशन! संभाजीनगर में उजड़ा परिवार, तो दिल्ली में यमुना में कूद गया युवक

हाल ही में आईफोन ईएमआई से जुड़े दो मामले सामने आए हैं. महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में EMI की वजह से एक परिवार उजड़ गया. वहीं, दिल्ली के कालिंदी कुंज में एक शख्स नदी में छलांग लगा दिया लेकिन पुलिस ने बचा लिया.

iPhone EMI बनी जानलेवा टेंशन! संभाजीनगर में उजड़ा परिवार, तो दिल्ली में यमुना में कूद गया युवक
आईफोन की ईएमआई बन रही मौत का सबब! (Photo: NDTV)
  • दिल्ली के कालिंदी कुंज में डांस टीचर दीपक ने EMI न चुका पाने पर यमुना में छलांग लगा दी.
  • महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में iPhone किस्त पर विवाद में परिवार के 3 लोगों की मौत.
  • कालिंदी कुंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यमुना में कूदे शख्स की जान बचाई.
नई दिल्ली:

आईफोन की ईएमआई, कुछ हजार रुपये की किस्त लेकिन यही किस्त जब आर्थिक परेशानी और मानसिक तनाव की वजह बन जाए तो मामला कितना गंभीर हो सकता है, इसकी दो तस्वीरें सामने आई हैं. एक तरफ महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में iPhone की EMI को लेकर हुए विवाद के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. दूसरी तरफ, दिल्ली के कालिंदी कुंज में iPhone की किस्त नहीं चुका पाने के तनाव में एक युवक ने यमुना में छलांग लगा दी. हालांकि, कालिंदी कुंज पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने युवक की जान बचा ली.

मामला दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में स्थित कालिंदी पुल के पास भोला घाट का है. यहां मौजूद लोगों ने अचानक शोर मचाना शुरू किया कि कोई युवक यमुना में कूद गया है. उस वक्त इलाके में गश्त कर रहे कॉन्स्टेबल शिवम और कॉन्स्टेबल आनंद गौतम को जैसे ही इसकी सूचना मिली, दोनों पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए.

बिना वक्त गंवाए दोनों ने पास ही मौजूद बाढ़ विभाग के कर्मचारियों से संपर्क किया और नाव को मौके पर बुलाया गया. रेस्क्यू टीम यमुना में उतरी और कुछ ही देर में पानी में डूबते हुए युवक को तलाशकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

त्वरित कार्रवाई से बची जान...

नदी में डूबने से बचाए गए युवक की पहचान दीपक कुमार (30) के रूप में हुई है, जो ओखला फेज-2 के सी-288 संजय कॉलोनी के रहने वाले हैं. पुलिस के मुताबिक, दीपक डांस टीचर हैं और माली का काम भी करते हैं. पिछले कुछ महीनों से उनकी आमदनी कम हो गई थी और इसी वजह से वे अपने iPhone की EMI नहीं चुका पा रहे थे. लगातार आर्थिक दबाव और तनाव के बीच दीपक ने यमुना में छलांग लगाने जैसा खतरनाक कदम उठा लिया. हालांकि, वक्त पर मिली सूचना, कॉन्स्टेबल शिवम और कॉन्स्टेबल आनंद गौतम की त्वरित कार्रवाई ने उसकी जिंदगी बचा ली.

युवक को यमुना से बाहर निकालने के बाद पुलिस ने उसे उचित परामर्श दिया. इसके बाद उसकी पत्नी और साले को मौके पर बुलाया गया और दीपक को उनके साथ सुरक्षित घर भेज दिया गया. पुलिस के मुताबिक, पिछले 15 दिनों में कालिंदी कुंज पुलिस ने त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव अभियानों के जरिए पांच लोगों की जान बचाई है. इस पूरे ऑपरेशन में मौके पर मौजूद कॉन्स्टेबल शिवम और कॉन्स्टेबल आनंद गौतम की तत्परता बेहद अहम रही.

ये भी पढ़ें: भारतीय परिवारों को बर्बाद कर रही iPhone की चाहत! 42% लोगों ने EMI पर खरीदा; Gen Z में बढ़ रहा मानसिक तनाव

दोनों घटनाओं के बाद बड़े सवाल...

दिल्ली की इस घटना को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में सामने आई उस दर्दनाक घटना से जोड़कर देखा जा सकता है, जहां iPhone की EMI को लेकर हुए विवाद ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया. महाराष्ट्र में 19 साल के युवक ने iPhone की किस्त को लेकर परिवार से विवाद के बाद पहाड़ी से कूदने की धमकी दी थी. उसे बचाने के लिए पिता आगे बढ़े, लेकिन दोनों नीचे गिर गए. इसके बाद मां ने भी छलांग लगा दी.  इस दर्दनाक घटना में परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. यानी महाराष्ट्र में जिस iPhone की EMI ने एक परिवार की जिंदगी छीन ली, उसी तरह की EMI के तनाव ने दिल्ली में भी एक युवक को अपनी जिंदगी खत्म करने के कगार पर पहुंचा दिया. फर्क सिर्फ इतना रहा कि दिल्ली में पुलिस समय रहते पहुंच गई और एक जिंदगी बच गई.

दोनों घटनाएं एक बड़ा सवाल खड़ा करती हैं कि आसान ईएमआई पर महंगे सामान खरीदना तो आसान है, लेकिन जब आमदनी कम हो जाए और किस्तों का बोझ बढ़ने लगे तो उसका असर मानसिक स्थिति पर भी पड़ सकता है. ऐसे वक्त में परेशानी को छिपाने के बजाय परिवार और करीबियों से बात करना बेहद जरूरी है. वहीं, कालिंदी कुंज पुलिस के कॉन्स्टेबल शिवम और कॉन्स्टेबल आनंद गौतम की त्वरित कार्रवाई ने यह साबित किया कि सही वक्त पर लिया गया एक फैसला किसी की जिंदगी और मौत के बीच का फर्क बन सकता है.

ये भी पढ़ें: ऐसा मत करो बेटा... मां की आखिरी गुहार, iPhone के लिए सुसाइड से पहले का नया वीडियो आया सामने

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IPhone EMI, IPhone EMI Suicide Maharashtra, Delhi, Kalindi Kunj, Yamuna
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com