देश की पहली बुलेट ट्रेन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य गुजरात जाएगी। यह ट्रेन मुंबई से अहमदाबाद का सफर करेगी। इस बात की जानकारी रेलमंत्री सदानंद गौड़ा ने रेल बजट पेश करते हुए संसद को दी।
रेलमंत्री ने बजट पेश करते हुए कहा कि भारतीय रेल काफी समय से अपने एक सपने को साकार करने जा रही है। मैं एक बुलेट ट्रेन अहमदाबाद से मुंबई के लिए प्रस्तावित करता हूं।
गौड़ा ने कहा कि इस रूट पर तमाम रिसर्च किया गया है। फिलहाल इस रूट पर सबसे तेज चलने वाली गाड़ी शताब्दी है जो एक तरफ का सफर सात घंटे में तय करती है।
कहा जा रहा है कि प्रस्तावित बुलेट ट्रेन करीब 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी।
मंत्री ने सदन को बताया कि दिल्ली-आगरा, दिल्ली-चंडीगढ़, मुंबई-गोवा और मैसूर-बैंगलुरु-चेन्नई के बीच भी इस प्रकार की ट्रेन चलाने का प्रस्ताव है। सरकार ने यह भी साफ कर दिया कि इन रूटों पर पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के माध्यम से ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव है।
रेलमंत्री गौड़ा ने इस प्रोजेक्ट के लिए सरकार की ओर से 100 करोड़ रुपये रखने का प्रावधान भी किया। गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी ने अपने चुनावी प्रचार में बुलेट ट्रेनों के परिचालन पर जोर दिया था।
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com
आज की घोषणाओं में रेलमंत्री ने देश के चार महानगरों को बुलेट ट्रेन से जोड़ने की योजना का भी खुलासा किया। यह चार महानगर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई हैं। इन रूटों पर ट्रेनें 160-200 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेंगी।