विज्ञापन
This Article is From Mar 06, 2026

मार्च की शुरुआत में ही अप्रैल जैसी गर्मी, दिल्ली समेत उत्तर भारत के किस राज्य में क्या हाल, जानिए

मार्च की शुरुआत में ही अप्रैल जैसी गर्मी, दिल्ली समेत उत्तर भारत के किस राज्य में क्या हाल, जानिए
गर्मी के मौसम ने बजा दी खतरे की घंटी
  • मार्च के पहले पांच दिनों में दिल्ली में औसत न्यूनतम तापमान असामान्य रूप से 19 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज हुआ
  • दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और आसपास के राज्यों में अगले दस दिनों तक कोई महत्वपूर्ण मौसम गतिविधि की संभावना नहीं
  • देश के कई राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से चार से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया है
नई दिल्ली:

देश में मौसम ने मार्च के दस्तक देते ही असामान्य रुख अख़्तियार कर लिया है. जहां एक ओर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी हिमालय अगले दिनों में बारिश और बर्फबारी के लिए तैयार दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग के ताजा आंकड़े बता रहे हैं कि इस बार मार्च की शुरुआत सामान्य से कहीं ज्यादा गर्म है और कई राज्य लू और उमस भरे मौसम की गिरफ्त में हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

दिल्ली में गर्मी का ‘अर्ली स्टार्ट'

दिल्ली में मार्च के पहले 5 दिनों में औसत न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल 2023 के बाद सबसे अधिक है. साल 2023 में यह औसत 16.2 डिग्री पहुंचा था. इस वर्ष भी राजधानी में रातें असामान्य रूप से गर्म महसूस हो रही हैं, जबकि दिन का तापमान पहले से ही ऊंचाई छू रहा है. गुरुवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जब अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. जो सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक है. न्यूनतम तापमान भी 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो औसत से 4.8 डिग्री ज्यादा है.

दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा. लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री, रिज इलाके में 34.7 डिग्री, आयानगर में 34.4 डिग्री और पालम में 32.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. दिनभर आसमान साफ रहा और सतही हवाओं की गति 15 से 25 किमी प्रति घंटा बनी रही, जबकि कुछ समय यह 35 किमी प्रति घंटा तक पहुंची. शाम 5:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 43 प्रतिशत दर्ज की गई.

ये भी पढ़ें : दिल्ली NCR में होली जाते ही पलटेगा मौसम या गर्मी दिखाएगी तेवर, उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी से बदलेगा मौसम  

दिल्ली-एनसीआर में अगले 10 दिन राहत नहीं

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत का कहना है कि दिल्ली, पंजाब और आसपास के राज्यों में अगले कम से कम 10 दिनों तक किसी महत्वपूर्ण मौसम गतिविधि की संभावना नहीं दिख रही है. उनके अनुसार आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी, जिससे सुबह और शाम दोनों समय तापमान में और वृद्धि हो सकती है. हवा की गति भी बढ़ने की उम्मीद है, जिससे गर्मी का प्रभाव और बढ़ेगा. राजधानी की हवा भी ठीक नहीं है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शाम छह बजे दिल्ली का एक्यूआई 145 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम' श्रेणी में आता है.

देशभर में तापमान सामान्य से ऊपर, कई राज्यों में 8°C तक बढ़ोतरी

भारत मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से बताया गया कि पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण-गोवा और असम में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. देश में सबसे अधिक तापमान ओडिशा के झारसुगुड़ा में 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा. मार्च की शुरुआत में ही ऐसी गर्मी संकेत देती है कि आने वाला मौसम और अधिक तीखा हो सकता है.

पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी की तैयारी

आईएमडी के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते 7 से 11 मार्च के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र (जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में हल्की बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है. उत्तरी ओडिशा और उससे सटे गंगा बंगाल क्षेत्र में चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है, जिससे एक ट्रफ उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों तक फैला हुआ है. उत्तर–पूर्व बांग्लादेश और दक्षिण असम के ऊपर भी एक अलग चक्रवातीय परिसंचरण बना है. तेलंगाना से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक एक और ट्रफ लाइन सक्रिय है. इसके अलावा सबट्रॉपिकल वेस्टरलीज की कोर विंड 12.6 किमी की ऊंचाई तक सक्रिय है, जिसकी अधिकतम गति 110 नॉट दर्ज हुई है.

ये भी पढ़ें ; दिल्ली-NCR में होली पर भयंकर गर्मी या बदलेगा मौसम, इन इलाकों में बारिश के आसार, जानें 1 हफ्ते का वेदर अपडेट

RWFC की रिपोर्ट में सात दिन तक कोई चेतावनी नहीं

रीजनल वेदर फोरकास्टिंग सेंटर (RWFC) के बुलेटिन के मुताबिक, 5 मार्च से 11 मार्च तक उत्तर-पश्चिम भारत के किसी भी राज्य—जैसे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और यूपी में किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है. यह संकेत देता है कि इन क्षेत्रों में मौसम स्थिर रहेगा, हालांकि तापमान में वृद्धि का क्रम जारी रहने की संभावना है.

मध्य, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में अलग-अलग मौसम चुनौतिया

देश के अन्य हिस्सों में मौसम पूरी तरह अलग रूप दिखा रहा है. कोंकण-गोवा में हीटवेव की संभावना जताई गई है, जबकि गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहने की उम्मीद है. कहीं-कहीं अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. तीसरे दिन जम्मू-कश्मीर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. इसके अलावा सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तर-पूर्व भारत, झारखंड और ओडिशा में चौथे दिन से लेकर सातवें दिन तक गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Report, Delhi Weather, India Temperature, March Heatwave, IMD Forecast
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com