विज्ञापन
This Article is From Oct 23, 2018

भारत ने पाक उच्चायोग के अधिकारी को किया तलब, तीन सैनिकों की मौत पर जताया कड़ा विरोध

जम्मू कश्मीर में सीमा पार घुसपैठ के प्रयासों और तीन सैनिकों की मौत को लेकर भारत ने पाकिस्तान के समक्ष कड़ा विरोध जताया है.

भारत ने पाक उच्चायोग के अधिकारी को किया तलब, तीन सैनिकों की मौत पर जताया कड़ा विरोध
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार.
नई दिल्ली : जम्मू कश्मीर में सीमा पार घुसपैठ के प्रयासों और तीन सैनिकों की मौत को लेकर भारत ने पाकिस्तान के समक्ष कड़ा विरोध जताया है. विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को पाकिस्तान उच्चायोग के एक वरिष्ठ अधिकारी को तलब किया और जम्मू-कश्मीर में सीमा पार घुसपैठ के प्रयास को लेकर विरोध दर्ज कराया. घुसपैठ के इस प्रयास में दो आतंकियों को मार गिराया गया था, जबकि तीन भारतीय जवान शहीद हो गए थे. मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 'नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग के एक वरिष्ठ अधिकारी को विदेश मंत्रालय ने तलब किया और जम्मू एवं कश्मीर के सुदंरबनी सेक्टर में पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा 21 अक्टूबर को सीमा पार घुसपैठ के प्रयास पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया, जिस दौरान भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे.'

यह भी पढ़ें : जम्मू कश्मीर: अलग-अलग मुठभेड़ में 5 आतंकी ढेर, तीन जवान शहीद और 7 नागरिकों की भी गई जान

बयान में कहा गया है, 'उन्हें बताया गया कि गोलीबारी के दौरान भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा दो पाकिस्तानी सशस्त्र घुसपैठियों को मार गिराया गया और पाकिस्तान सरकार को अपने नागरिकों के शव वापस ले लेने चाहिए.' बयान के मुताबिक, 'मंत्रालय पाकिस्तान द्वारा उकसावे की ऐसी कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करता है. पाकिस्तान के इस कृत्य से आतंकवाद को मदद और बढ़ावा देने की उसकी मिलीभगत का खुलासा होता है. साथ ही इस तरह की हरकत से पाकिस्तान की शांति की इच्छा और रचनात्मक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के छलावा भरे दावे की भी कलई खुलती है.'

यह भी पढ़ें : जम्मू-कश्मीर : कुलगाम एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को मार गिराया

मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में पाकिस्तानी बलों द्वारा बगैर किसी उकसावे के संघर्षविराम उल्लंघन की जारी घटनाओं के प्रति गंभीर चिंता प्रकट करता है. मंत्रालय ने कहा, 'शांति और सौहाद्र्र कायम रखने के लिए 2003 के संघर्षविराम समझौते का पालन करने और संयम बरतने के बार-बार के आग्रह के बावजूद पाकिस्तानी बलों ने 2018 में अब तक अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में बगैर किसी उकसावे के संघर्षविराम उल्लंघन की 1,591 घटनाओं को अंजाम दिया है.'

VIDEO : जम्मू कश्मीर के कुलगाम में तीन आतंकी ढेर


बयान में कहा गया है, 'पाकिस्तान से उसकी द्विपक्षीय प्रतिबद्धता पर कायम रहने का आह्वान किया गया है, ताकि वह किसी प्रकार से अपने कब्जे में आने वाले क्षेत्रों का इस्तेमाल भारत के खिलाफ आतंकवाद को समर्थन देने के लिए न करे.'

(इनपुट : IANS)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Summons Pak Official, Jammu Kashmir
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com