- जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में स्वतंत्रता दिवस से पहले चार संदिग्ध आतंकियों को रामतुंड पीक के पास देखा गया था
- आतंकियों की फुटेज स्थानीय लोगों ने बनाई थी, जिसके बाद सुरक्षा बलों को सोमवार दोपहर में अलर्ट किया गया
- रामतुंड इलाका उधमपुर जिले से सटा हुआ घना जंगल और ऊंची पहाड़ियों वाला संवेदनशील क्षेत्र है
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले 4 संदिग्ध आतंकी देखे जाने की खबर मिली है. इन संदिग्ध आतंकियों से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्हें डोडा जिले के रामतुंड पीक के पास दिखाया गया है. मंगलवार को अधिकारियों ने बताया कि इन आतंकियों को देखे जाने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है. रामतुंड इलाका उधमपुर जिले से सटा हुआ है. यह एक घना जंगल वाला इलाका है और ऊंची पहाड़ियों से भी घिरा हुआ है. इसके चलते आतंकियों के लिए यहां छिपना और ठिकाने बनाना आसान होता है. इसके कारण यह इलाका सुरक्षा के लिहाज से हमेशा ही संवेदनशील रहा है.
आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि कुछ स्थानीय लोगों ने इनकी फुटेज बनाई थी. इसके बाद सुरक्षा बलों को सोमवार दोपहर को अलर्ट किया गया. अधिकारियों का कहना है कि इनकी तलाश में एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है. सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर ली है. खासतौर पर पहाड़ों की तरफ जाने वाले रास्तों पर अलर्ट है और प्रशासन मुस्तैद है. मंगलवार सुबह सेना, पुलिस और सीआरपीएफ को उधमपुर से भी बुलाया गया है. अब तक मिली जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है.
अब तक मिली जानकारी के अनुसार 4 संदिग्ध आतंकियों में तीन विदेशी यानी पाकिस्तानी हो सकते हैं. इसके अलावा एक आतंकी स्थानीय मूल का है. अब तक इन संदिग्ध आतंकियों से संपर्क नहीं हो सका है. फिलहाल इनकी घेरेबंदी की कोशिशें जारी हैं. घना जंगल होने के चलते इस इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाना भी आसान नहीं है. फिलहाल सुरक्षा बलों का ऑपरेशन जारी है. दुर्गम इलाकों समेत पूरे क्षेत्र में सर्चिंग चल रही है. बता दें कि स्वतंत्रता दिवस कुछ दिनों बाद ही है. इसके चलते सुरक्षा बल पहले से ही अलर्ट हैं. सीमा पार से आतंकियों की घुसपैठ को लेकर भी प्रशासन अलर्ट है और पूरी तरह मुस्तैद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं