- भारत ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अस्पताल में पाकिस्तानी हमले की निंदा की है
- भारत ने काबुल में हुए हवाई हमले को "बर्बर" और "कायरतापूर्ण" हिंसक कृत्य बताया.
- काबुल के अस्पताल पर पाकिस्तान के हमले में 400 लोगों की मौत हो गई है और करीब 250 लोग घायल हुए हैं.
भारत ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के एक अस्पताल पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है. भारत ने बयान जारी कर इस हमले को "बर्बर" और "कायरतापूर्ण" हिंसक कृत्य बताया. बता दें कि काबुल के ओमिद नशा मुक्ति अस्पताल पर पाकिस्तान के हमले में कथित तौर पर 400 लोगों की मौत हो गई है और करीब 250 लोग घायल हुए हैं.
कायरतापूर्ण और अमानवीय कृत्य
MEA ने पाकिस्तान के इस हमले के खिलाफ एक सख्त बयान में कहा, "यह हिंसा का एक कायरतापूर्ण और अमानवीय कृत्य है, जिसमें एक ऐसे संस्थान में बड़ी संख्या में नागरिकों की जानें गई हैं, जिसे किसी भी तरह से सैन्य लक्ष्य नहीं माना जा सकता." विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि पाकिस्तान अब इस नरसंहार को सैन्य अभियान का नाम देने की कोशिश कर रहा है. काबुल के अस्पताल पर हमला पाकिस्तान की तरफ से की गई एक जघन्य आक्रामकता है. यह अफगानिस्तान की संप्रभुता पर एक स्पष्ट हमला और क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए सीधा खतरा भी है.
विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रहा पाकिस्तान
भारत ने कहा कि यह हमला इस्लामाबाद के "लगातार लापरवाह व्यवहार" और अपनी सीमाओं से बाहर बढ़ते हिंसक कृत्यों के जरिए आंतरिक विफलताओं को छिपाने के लिए बार की जाने वाली कोशिशों को दिखाता है. यह हमला रमज़ान के पवित्र महीने में किया है. यह समय दुनियाभर के मुस्लिम समुदायों के लिए शांति, चिंतन और दया का होता है. ऐसे समय में पाकिस्तान का यह हमला और भी निंदनीय है. कोई धर्म, कोई कानून और कोई नैतिकता किसी अस्पताल और उसके मरीजों को जानबूझकर निशाना बनाने को उचित नहीं ठहरा सकती.
अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भारत की खास अपील
नई दिल्ली ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस "आपराधिक कृत्य" के दोषियों को जवाबदेह ठहराने की अपील की. साथ ही यह सुनिश्चित करने की भी अपील की है कि अफगानिस्तान में पाकिस्तान द्वारा नागरिकों को अंधाधुंध निशाना बनाना तत्काल बंद किया जाए. बता दें कि पाकिस्तान ने सोमवार रात भर हवाई हमले कर काबुल और नंगरहार में अफगान तालिबान के ठिकानों को निशाना बनाया. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, ये नवीनतम हमले 26 फरवरी से शुरू किए गए ऑपरेशन ‘गजब-लिल-हक' (इंसाफ के लिए गुस्सा) के तहत किए गए हैं.
पाकिस्तान के हमले में काबुल के अस्पताल में 400 लोगों की मौत
बता दें कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार का आरोप है कि पाकिस्तान की ताजा एयरस्ट्राइक में काबुल के एक ड्रग रीहैबिलिटेशन अस्पताल को निशाना बनाया गया, जिसमें करीब 400 लोगों की मौत हो गई और करीब 250 लोग घायल हुए हैं. हालांकि पाकिस्तान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उसके हमलों में किसी भी नागरिक ढांचे को निशाना नहीं बनाया गया.
ये भी पढ़ें- ‘पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देंगे…' काबुल अस्पताल में 400 मौतों पर अफगान सरकार की शहबाज को दो टूक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं