बौद्ध धर्म दलाई लामा के लिए केंद्र सरकार ने नई दिल्ली के सत्ता केंद्र लुटियंस जोन में उनके संस्थान 'गाडेन फोडरंग' के लिए एक सरकारी बंगले का इंतजाम किया है. ऐसे वक्त में जब दलाई लामा के उत्तराधिकारी को लेकर बहस तेज है और चीन भी इस मुद्दे पर अपनी दावेदारी जताता रहा है, यह कदम तिब्बती समुदाय के लिए खास अहमियत रखता है.
भारत सरकार ने नई दिल्ली के प्रतिष्ठित लुटियंस क्षेत्र में दलाई लामा को एक सरकारी बंगला आवंटित किया है. NDTV ने स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि की है. सेंट्रल तिब्बतन एडमिनिस्ट्रेशन (CTA) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यह बंगला दलाई लामा को आवंटित किया गया है. यह प्रॉपर्टी 20, पंडित रविशंकर शुक्ला लेन पर स्थित है, जो केंद्र सरकार के सत्ता प्रतिष्ठान से महज लगभग तीन किलोमीटर दूर है.
'गाडेन फोडरंग' की नेमप्लेट भी लग चुकी
पिछले कुछ महीनों में इस बंगले में मरम्मत और बदलाव का काम भी किया गया है. परिसर के प्रवेश द्वार पर अब 'गाडेन फोडरंग' की नेमप्लेट भी लग चुकी है, जिससे इसकी भावी भूमिका के संकेत साफ दिखाई देते हैं.
सूत्रों के अनुसार, पिछले साल विदेश मंत्रालय (MEA) ने आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) से सरकारी आवास की मांग की थी. इसके बाद यह बंगला विदेश मंत्रालय को उपलब्ध कराया गया. अक्टूबर 2025 में विदेश मंत्रालय ने इस टाइप-7 सरकारी बंगले को परिचालन जरूरतों के लिए अपने नियंत्रण में लिया था. इसके बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी कई कदम उठाए गए.
केंद्र सरकार ने आवंटित की थी राशि
केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) ने जुलाई 2026 में करीब 34.94 लाख रुपये की लागत से सुरक्षा संबंधी ढांचे को मजबूत करने के लिए एक निविदा जारी की थी. प्रस्तावित कार्यों में कॉन्सर्टिना वायर फेंसिंग लगाना, परिसर की दीवारों और मुख्य द्वार को और मजबूत करना तथा सुरक्षा चौकी का निर्माण शामिल था. इन तैयारियों से साफ संकेत मिलता है कि परिसर को विशेष सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है.
क्यों अहम है गाडेन फोडरंग?
गाडेन फोडरंग दलाई लामा का आधिकारिक संस्थान और कार्यालय है. वर्ष 2011 में दलाई लामा ने स्वेच्छा से अपनी राजनीतिक शक्तियां निर्वाचित तिब्बती नेतृत्व को सौंप दी थीं. इसके बाद इस संस्थान की संस्थागत भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई.
राजनीतिक जिम्मेदारियों से अलग होने के बाद गाडेन फोडरंग को भारत में भारतीय पंजीकरण अधिनियम, 1908 के तहत धर्मशाला में एक निजी ट्रस्ट के रूप में पंजीकृत कराया गया था. इस ट्रस्ट का उद्देश्य दलाई लामा की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और मानवीय गतिविधियों को आगे बढ़ाना और संस्था की निरंतरता सुनिश्चित करना है. स्वयं दलाई लामा इसके अध्यक्ष हैं.
तिब्बती समुदाय के लिए यह संस्थान अब पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यही संस्था भविष्य के 15वें दलाई लामा की पहचान, शिक्षा और देखरेख की प्रक्रिया में केंद्रीय भूमिका निभा सकती है.
उत्तराधिकारी को लेकर चीन और तिब्बती समुदाय आमने-सामने
दलाई लामा के उत्तराधिकारी के चयन का सवाल लंबे समय से चीन और तिब्बती धार्मिक नेतृत्व के बीच टकराव का विषय रहा है. बीजिंग का कहना है कि अगला दलाई लामा चीनी कानूनों और सरकार की मंजूरी के मुताबिक चुना जाना चाहिए. दूसरी ओर, दलाई लामा लगातार यह कहते रहे हैं कि उनके उत्तराधिकारी को मान्यता देने का अधिकार केवल गाडेन फोडरंग ट्रस्ट और तिब्बती बौद्ध परंपराओं के पास है.
तिब्बती समुदाय को आशंका है कि चीन भविष्य में अपना अलग उम्मीदवार आगे बढ़ा सकता है, जिससे दलाई लामा संस्था को लेकर समानांतर दावों की स्थिति पैदा हो सकती है. यही वजह है कि नई दिल्ली में गाडेन फोडरंग के लिए एक आधिकारिक पता और संस्थागत आधार मिलना सिर्फ एक आवासीय व्यवस्था नहीं, बल्कि राजनीतिक, धार्मिक और रणनीतिक दृष्टि से भी बेहद अहम माना जा रहा है.
1959 से भारत में हैं दलाई लामा
दलाई लामा वर्ष 1959 में तिब्बत में चीनी कार्रवाई के बाद भारत आए थे. इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में अपना मुख्यालय स्थापित किया, जो समय के साथ तिब्बती निर्वासित समुदाय का राजनीतिक और सांस्कृतिक केंद्र बन गया.
यह भी पढ़ें: पंजाब चुनाव से पहले NDA में अकाली दल की वापसी का पीएम मोदी ने किया स्वागत, कांग्रेस ने भी साधा निशाना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं