- पंजाब में चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन की चर्चा फिर से तेज हो गई है
- मोदी ने कहा कि अकाली दल की NDA परिवार में वापसी पंजाब की प्रगति और जनहितैषी शासन सुनिश्चित करेगी
- कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने गठबंधन का स्वागत करते हुए गैंगस्टरवाद खत्म करने के लिए सुझाव भी दिए हैं
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर अकाली दल के समर्थन में संदेश जारी कर सियासी हलचल बढ़ा दी है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि पंजाब और पंजाबियों के कल्याण को सबसे ऊपर रखना! मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल की NDA परिवार में वापसी हो रही है, और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर. हमारा गठबंधन एक स्वाभाविक गठबंधन है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को जन-हितैषी शासन मिले, जो राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाए. अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा सींचा गया अकाली दल-BJP गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है.
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि यह गठबंधन पंजाब की जनता की पहली पसंद बन सकता है और राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा.
कांग्रेस ने गैंगस्टर मुद्दे पर घेरा
वहीं कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा की बीजेपी के साथ गठबंधन करने पर सुखबीर सिंह बादल को बधाई. पंजाब से गैंगस्टरवाद खत्म करने का उनका वादा निश्चित रूप से एक बड़ा लक्ष्य है और इसका स्वागत किया जाना चाहिए.
शुरुआत में एक छोटा सा सुझाव: अपने नए गठबंधन सहयोगियों से कहें कि वे सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि बीजेपी शासित राज्यों की जेलों में बंद गैंगस्टर मोबाइल फोन का बेरोकटोक इस्तेमाल न कर सकें और वहां से पंजाब में अपना धंधा न चला सकें.
आखिरकार, जब तक गैंगस्टरवाद का 'रिमोट कंट्रोल' कहीं और से चल रहा होगा, तब तक पंजाब से गैंगस्टरवाद को खत्म नहीं किया जा सकता! यह बस एक सुझाव है, ताकि इस गठबंधन की शुरुआत सही ढंग से हो सके.
यह भी पढ़ें | ये लोग सत्ता के लिए साथ आए हैं... पंजाब में बीजेपी-अकाली दल गठबंधन पर बोले केजरीवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं