विज्ञापन

'गलत तरीके से छुआ, अश्लील कमेंट किए...', बेंगलुरु में रैपिडो राइड बनी महिला के लिए डरावना अनुभव, आरोपी अरेस्ट

बेंगलुरु में रैपिडो बाइक राइड के दौरान 25 वर्षीय महिला ने ड्राइवर पर छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया. घटना ने ऐप-आधारित टैक्सी सेवाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए.

'गलत तरीके से छुआ, अश्लील कमेंट किए...', बेंगलुरु में रैपिडो राइड बनी महिला के लिए डरावना अनुभव, आरोपी अरेस्ट
सांकेतिक तस्वीर
बेंगलुरु:

बेंगलुरु में एक महिला के लिए रैपिडो बाइक टैक्सी की सवारी उस वक्त डरावना अनुभव बन गई, जब उसने राइड के दौरान ड्राइवर पर छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया. 25 वर्षीय युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

बेंगलुरु में महिला से छेड़छाड़

घटना 26 मार्च की है, जब पीड़िता ने बीटीएम लेआउट से इंदिरानगर के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी. युवती का आरोप है कि यात्रा के दौरान राइडर ने उसके साथ बार-बार आपत्तिजनक व्यवहार किया, अश्लील टिप्पणियां कीं और उसे गलत तरीके से छुआ. आरोपी की हरकतें राइड के दौरान लगातार जारी रहीं.

Latest and Breaking News on NDTV

यह भी पढ़ें- 1 अप्रैल से चीनी CCTV का खेल खत्म? Hikvision, Dahua और TP-Link के कैमरे भारत में हो सकते हैं बैन

बताया गया है कि महिला ने घटना के कुछ हिस्सों को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया और अपने दोस्तों को इसकी जानकारी दी. राइड खत्म होने के बाद दोस्तों ने आरोपी राइडर का सामना किया और महिला को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में मदद की.

गिरफ्तार हुआ रैपिडो ड्राइवर

आरोपी राइडर की पहचान मोहम्मद खिज़ैर (उर्फ कुद्ज़ैर) के रूप में हुई है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर इंदिरानगर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना पीड़िता के इंदिरानगर स्थित पीजी आवास के पास की बताई जा रही है. मामले की आगे की जांच जारी है और सभी सबूतों की पड़ताल की जा रही है. यह घटना शहर में ऐप-आधारित बाइक टैक्सी सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े करती है.

रैपिडो ने बयान जारीकर की कड़ी निंदा

रैपिडो ने बेंगलुरु में सामने आई इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है. कंपनी ने बयान जारी करते हुए कहा, महिला ने जिस तरह के व्यवहार का आरोप लगाया गया है, वह पूरी तरह अस्वीकार्य है और हमारे प्लेटफॉर्म पर ऐसी किसी भी हरकत के लिए कोई जगह नहीं है. संबंधित व्यक्ति को तुरंत प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है और जांच के दौरान हम पुलिस व अन्य अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रहे हैं. हम सुरक्षा के उच्चतम मानकों का पालन करते हैं. हमारे सभी कैप्टन को जोड़ने से पहले उनकी पृष्ठभूमि जांच, केवाईसी सत्यापन और व्यवहार व सुरक्षा से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है.

यह मामला व्यक्तिगत स्तर पर की गई गलत हरकत का है और यह हमारे कैप्टन समुदाय के मानकों को नहीं दर्शाता. रैपिडो ऐसी घटनाओं में तेज़ और सख्त कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bengaluru, Bengaluru Crime News, Bengaluru Crime News Today, Bengaluru Rapido Driver, Bengaluru Driver Molest A Girl
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com