मुंबई के IIT बॉम्बे में दूसरे साल के छात्र साहिल वाकोड़े की मौत के मामले ने नया और गंभीर मोड़ ले लिया है. परीक्षा के दौरान ChatGPT का इस्तेमाल करते पकड़े गए छात्र की आत्महत्या के बाद अब मुंबई पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है. यह केस छात्र के पिता की शिकायत पर दर्ज किया गया है. इसमें उन्होंने कई लोगों के नाम लिए हैं.
पुलिस के अनुसार, साहिल वाकोड़े के पिता के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है. शिकायत में जिन लोगों के नाम लिए गए हैं, उन सभी की भूमिका की जांच की जा रही है. हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि शिकायत में किन-किन लोगों के नाम शामिल हैं.
प्रदर्शनकारी छात्रों की 11 मांगें, कहा- डीन इस्तीफा दें
जानिए, क्या हैं प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगें?
- अकादमिक समितियों में छात्रों को प्रतिनिधित्व दिया जाए
- साहिल वाकोड़े की मौत में प्रोफेसर सूर्या दूला की भूमिका की जांच हो
- निदेशक शिरीष केदारे और छात्र एवं अकादमिक मामलों के डीन इस्तीफे दें
- छात्रों की आत्महत्याओं की जांच के लिए टास्क फोर्स का गठन हो
- आईआईटी बॉम्बे में हुई 4 छात्रों की आत्महत्याओं की स्वतंत्र जांच हो
- प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए
- मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं के बाद ब्रेक दिया जाए
- प्रोफेसरों के लिए मानसिक-स्वास्थ्य कार्यशालाएं आयोजित हों
- स्टूडेंट वेलनेस सेंटर सुचारू रूप से काम करे
- साहिल वाकोड़े के परिवार को मुआवजा दिया जाए और उसकी फीस वापस की जाए
- गुमनाम छात्र शिकायत पोर्टल बनाया जाए
परीक्षा में चैटजीपीटी के इस्तेमाल का आरोप
यह पूरा मामला शुक्रवार शाम का है, जब IIT बॉम्बे के ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग के दूसरे वर्ष के छात्र साहिल वाकोड़े ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी. संस्थान के मुताबिक, परीक्षा के दौरान साहिल मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था. आरोप है कि उसने परीक्षा के प्रश्नपत्र को ChatGPT पर अपलोड कर उत्तर हासिल करने की कोशिश की थी.
IIT बॉम्बे की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि छात्र के खिलाफ किसी प्रकार की अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी. घटना के बाद संबंधित शिक्षक और विभागाध्यक्ष ने छात्र से बातचीत की थी. संस्थान का दावा है कि उसे काउंसलिंग दी गई और आश्वस्त किया गया कि इस घटना का उसके शैक्षणिक भविष्य पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा.
मां ने लगाए गंभीर आरोप
साहिल की मां ने बेटे की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि उनके बेटे को प्रताड़ित किया गया और उसे न्याय मिलना चाहिए. उन्होंने दावा किया, 'मेरे बेटे की हत्या हुई है. उसे गंभीर रूप से परेशान किया गया. मैं न्याय चाहती हूं. मैंने शिकायत दर्ज कराई है.'
घटना के बाद IIT बॉम्बे के छात्रों ने कैंपस में विरोध प्रदर्शन भी किया. प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप था कि संस्थान मामले की पूरी सच्चाई सामने नहीं ला रहा है. छात्रों ने दावा किया कि नकल के आरोप में पकड़े जाने के बाद साहिल को एक साल के लिए निलंबित करने की चेतावनी दी गई थी. उनका कहना था कि यदि ऐसा होता तो उसे हॉस्टल खाली करना पड़ता और कैंपस के बाहर रहना पड़ता.
आईआईटी ने क्या प्रतिक्रिया दी है?
IIT बॉम्बे ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है. संस्थान ने अपने बयान में कहा कि छात्र की मौत से वह बेहद दुखी है और उसके दोस्तों, सहपाठियों, शिक्षकों तथा प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है. संस्थान ने कहा कि मौत की परिस्थितियों की जांच संबंधित अधिकारी कर रहे हैं. गौरतलब है कि IIT बॉम्बे के पवई कैंपस में पिछले छह महीनों के दौरान यह तीसरी छात्र आत्महत्या का मामला है.
ये भी पढ़ें...
'मेरे बेटे को मारा गया है...', IIT बॉम्बे में छात्र की मौत के बाद मां का गंभीर आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं