- IIT बॉम्बे के एनर्जी साइंस-इंजीनियरिंग विभाग के दूसरे वर्ष के छात्र ने हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या की.
- साहिल की मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को प्रताड़ित किया गया और उसकी मौत सामान्य घटना नहीं है.
- साहिल को परीक्षा में नकल करते हुए पकड़ा गया था, वह एक साल के सस्पेंशन के डर से परेशान था.
IIT बॉम्बे में छात्र की आत्महत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. मुंबई के पवई स्थित संस्थान में 'एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग' विभाग के दूसरे वर्ष के छात्र की मौत के बाद छात्रों का गुस्सा खुलकर सामने आया. पिछले छह महीनों में आईआईटी बॉम्बे कैंपस में आत्महत्या का यह तीसरा मामला है. घटना के विरोध में शुक्रवार को छात्रों ने कैंपस में प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई. अब मृतक छात्र की मां का बयान सामने आया है, जिसने पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
बेटे को प्रताड़ित किया गया.. साहिल के मां
IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में अब परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं. मृतक छात्र की मां ने दावा किया है कि उनके बेटे को प्रताड़ित किया गया था और उसकी मौत सामान्य घटना नहीं है. साहिल की मां ने कहा कि मेरे बेटे को प्रताड़ित किया गया और मारा गया है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
जानकारी के मुताबिक बी.टेक के छात्र साहिल को शिक्षकों ने परीक्षा में नकल करते हुए पकड़ा था. जब उसे बताया गया कि उस पर कार्रवाई की जाएगी, तो वह अपने हॉस्टल लौट आया और हॉस्टल 4 में शाम करीब 7 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि वो एक साल के सस्पेंशन निलंबन के डर से परेशान था.
IIT बॉम्बे का आधिकारिक बयान
IIT बॉम्बे के मुताबिक परीक्षा के दौरान छात्र को एग्जाम हॉल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था. छात्र ने परीक्षा का प्रश्नपत्र ChatGPT पर अपलोड कर जवाब खोजने की कोशिश की थी. आईआईटी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नकल करते पकड़े जाने के बाद छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी. इंस्ट्रक्टर और विभागाध्यक्ष ने छात्र से बात कर उसकी काउंसलिंग की थी और उसे भरोसा दिलाया था कि इस घटना का उसके एकेडमिक करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा. काउंसलिंग के बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गया था, जहां देर शाम वह मृत पाया गया. आईआईटी बॉम्बे ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. वहीं संबंधित अधिकारियों और पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
पद्मेश पवार के इनपुट के साथ
ये भी पढ़ें : ChatGPT से चोरी का आरोप सहन न कर सका छात्र, IIT में खुदकुशी के बाद कोहराम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं