देश की राजधानी दिल्ली के संगम विहार में मामूली सी बात पर हुई हिंसा के बाद एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छिन गईं. आरोप है कि महज 10 रुपये के गुटखे को लेकर हुए विवाद में कुछ युवकों ने नवीन नाम के एक शख्स पर पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल नवीन ने कई दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ाई लड़ी, लेकिन आखिरकार वह जिंदगी की जंग हार गया. एक छोटी सी कहासुनी से शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया और अब परिवार इंसाफ की मांग कर रहा है.
रक्षाबंधन के दिन नवीन अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक दुकान पर अपने बच्चे के लिए चॉकलेट और छोटे मोटे सामान खरीदने गया था. इसी बीच कुछ बदमाश लोग वहां पहुंचे और नवीन से गुटखा खरीदने के लिए कहा. नवीन ने उनलोगों से कहा कि मैं आपको जानता तक नहीं हूं तो आपके लिए कुछ भी क्यों खरीदूं.
इसके बाद बदमाशों ने लड़ाई शुरू कर दी और कहा कि अगर अपने बच्चे के लिए सामान खरीद सकता है तो हमारे लिए गुटखा क्यों नहीं खरीद सकता है. परिवार के मुताबिक, नवीन ने अपने पैसे से उनके लिए सामान लेने से साफ इनकार कर दिया. बस इसी बात पर विवाद शुरू हो गया.
परिजनों का आरोप क्या है?
परिजनों का आरोप है कि इनकार से नाराज युवकों ने पहले नवीन के साथ कहासुनी की और फिर देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया. आरोपियों ने पास ही चल रहे एक कंस्ट्रक्शन साइट से बड़ा पत्थर उठाया और नवीन पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई.
पीड़ित परिवार का कहना है कि जिन लोगों ने हमला किया, उन्होंने मामूली सी बात को लेकर एक व्यक्ति की जान ले ली. परिजनों का आरोप है कि हमले में कई लोग शामिल थे, लेकिन अभी तक सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए हैं. परिवार ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है.
कुछ लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार भी किया है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली: हेड कांस्टेबल ने पहले पत्नी की हत्या की, फिर खुद लगा ली फांसी; बच्चों के घर लौटने पर खुला राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं