विज्ञापन

'लालू यादव को अब कुछ हुआ तो वो ही होंगे जिम्मेदार' सुरक्षा लौटाने पर बोले मंत्री अशोक चौधरी

बिहार सरकार ने लालू यादव, राबड़ी देवी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की जेड प्‍लस (Z+) सुरक्षा को हटा दिया था जिसके विरोध में लालू परिवार ने सारी सुरक्षा वापस कर दी.

'लालू यादव को अब कुछ हुआ तो वो ही होंगे जिम्मेदार' सुरक्षा लौटाने पर बोले मंत्री अशोक चौधरी
लालू यादव के नीतीश कुमार पर लगाए गए आरोप को अशोक चौधरी ने खारिज कर दिया
NDTV
  • बिहार के कैबिनेट मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि लालू यादव मेन्टली गड़बड़ा गए हैं
  • अशोक चौधरी ने सुरक्षा कटौती के मामले पर कहा कि इसमें कोई राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होता
  • लालू यादव और उनके परिवार ने सरकार की सुरक्षा वापस कर दी है

बिहार के कैबिनेट मंत्री अशोक चौधरी ने कहा है कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है. अशोक चौधरी ने पत्रकारों के लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती करने के पीछे नीतीश कुमार का हाथ बताने के लालू यादव के आरोप पर ये प्रतिक्रिया दी. लालू यादव ने एक दिन पहले खुलकर कहा था कि उनकी सुरक्षा हटाए जाने के पीछे नीतीश कुमार का हाथ है. इस बारे में पूछे जाने पर आज अशोक चौधरी ने लालू यादव के आरोप को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि वह अनावश्यक दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

लालू यादव के आरोप पर अशोक चौधरी का जवाब

लालू यादव से एक दिन पहले पटना में पत्रकारों से अपनी सुरक्षा में कटौती को लेकर सवाल पूछे जाने पर कहा था, "नीतीश कुमार सब करवाया है." 

इसके बाद अब बिहार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने आज कहा,"असल में वो मेन्टली गड़बड़ा गए हैं. जब तक नीतीश कुमार सत्ता में थे तब तक वो थे वहां, अब जब सरकार ने आपको व्यवस्थित कर दिया है, आपको एक जगह दे दी है, तो आप जबरदस्ती दबाव बना रहे हैं. कह रहे हैं कि नीतीशवे करवा रहा है. क्या मतलब है इसका?"

अशोक चौधरी ने कहा कि सुरक्षा के बारे में फैसला सुरक्षा समिति और पुलिस करती है और इसमें कोई राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होता.

लालू यादव ने कहा - सब नीतीश करवा रहा है - Video

लालू ही होंगे जिम्मेदार

लालू परिवार ने सुरक्षा में कटौती किए जाने के बाद से बिहार सरकार की ओर से दी गई सारी सुरक्षा लौटा दी है. लालू यादव दो दिन पहले बिना किसी सुरक्षा के पटना की सड़कों पर कार से बाहर निकले. लालू यादव की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव, छोटे बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सुरक्षा लौटा दी है. तेजप्रताप यादव ने चेतावनी भी दी है कि अब उनकी सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना की जवाबदेही सरकार की होगी. 

ऐसे में अगर लालू यादव या उनके परिवार के साथ कोई घटना हो जाती है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? ये पूछे जाने पर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि इसके जिम्मेदार वो खुद होंगे. अशोक चौधरी ने कहा, "वो अपने ना होंगे? अब हम कहें कि हम सुरक्षा नहीं लेंगे, ऐसे ही घूमेंगे. तो अब कुछ हो जाएगा तो आप जानिए, आपका काम जाने. सरकार क्या करेगी इसमें."

ये भी पढ़ें-: ब‍िहार: पुल‍िस पर पिस्टल तानने वाले युवक के एनकाउंटर पर बवाल, थानाध‍िकारी सह‍ित 5 पुल‍िसकर्मी सस्‍पेंड

लेखक के बारे में
img
अपूर्व कृष्ण
कंसल्टेंट एसोसिएट एडिटर
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से इकोनॉमिक्स में स्नातक; IIMC, दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा; उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता म... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Lalu Yadav, Lalu Yadav Rabri Devi, Lalu Yadav Security Withdrawn
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com