विज्ञापन

हैदराबाद में 24 घंटे में दूसरी हत्या, ऑटो चालक को घर से बुलाकर मारा; पुलिस ने चलाया  'ऑपरेशन चबूतरा'

हैदराबाद के मेलारदेवपल्ली इलाके में पिछले 24 घंटे में यह दूसरी हत्या है. पुलिस ने विशेष टीम बनाई है जबकि परिजनों ने कुछ लोगों पर शक जताते हुए न्याय की मांग की है.

हैदराबाद में 24 घंटे में दूसरी हत्या, ऑटो चालक को घर से बुलाकर मारा; पुलिस ने चलाया  'ऑपरेशन चबूतरा'
हैदराबाद में एक के बाद एक 24 घंटों में 2 हत्या हो गई.

हैदराबाद के राजेंद्रनगर पुलिस जोन में पिछले 24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या की घटना सामने आने से लोगों में चिंता बढ़ गई है. मेलारदेवपल्ली थाना क्षेत्र के अली नगर इलाके में ऑटो-रिक्शा चालक अब्दुल रऊफ की बुधवार देर रात हत्या कर दी गई. रऊफ जहांगीराबाद के रहने वाले थे और रोज की तरह काम के लिए घर से निकले थे. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

चश्मदीदों ने बताया, 2 से 3 लोगों ने किया हमला

पुलिस के अनुसार यह घटना बुधवार रात करीब 11:30 बजे हुई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो से तीन लोगों ने रऊफ पर हमला किया था. राजेंद्रनगर के डीसीपी सीएच श्रीनिवास ने कहा कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है. पुलिस हमले के कारणों और इसके पीछे की मंशा की जांच कर रही है.

पत्नी का आरोप, बुलाकर किया गया हमला

रऊफ की पत्नी का कहना है कि उनके पति रोज की तरह ऑटो चलाने के लिए घर से निकले थे. उनका आरोप है कि किसी ने उन्हें बाहर बुलाया था जिसके बाद उन पर हमला किया गया. उन्होंने पुलिस से दोषियों को जल्द पकड़ने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है.

परिवार की ओर से दो लोगों के नाम भी पुलिस को बताए गए हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है.

एक दिन पहले भी हुई थी हत्या

इस घटना से ठीक एक दिन पहले इसी पुलिस जोन में पल्ले चेरुवु क्षेत्र के पास एक रोड़ीशीटर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. लगातार दो हत्याओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में आपराधिक गतिविधियों को लेकर डर का माहौल बना है.

अवैध गतिविधियों पर सख्ती की तैयारी

डीसीपी श्रीनिवास ने कहा कि देर रात होने वाली अवैध गतिविधियों और नशे से जुड़े मामलों के खिलाफ पुलिस अभियान तेज करेगी. उन्होंने बताया कि पुराने शहर में चलाए जा रहे "ऑपरेशन चबूतरा" के तहत भी कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस का दावा है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.

यह भी पढ़ें- 12 हजार KM पीछा, 5 राज्यों में दबिश; समाजसेवी गुड्डू बादशाह हत्याकांड के 8 आरोपी गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hyderabad News, Telangana News, Hyderabad Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com