- दिल्ली के लाल कुआं इलाके में हुई थी बिहार के गुड्डू बादशाह की हत्या
- पुलिस ने 5 राज्यों में करीब 12 हजार किलोमीटर तक पीछा कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया
- बिहार के सुपौल की पुरानी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई थी
बिहार के सुपौल निवासी समाजसेवी गुड्डू बादशाह की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले समझौते का भरोसा दिलाया और फिर गुड्डू को बिहार से दिल्ली बुलाया. लाल कुआं इलाके के एक किराए के गोदाम में ले जाकर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई.
घायल बना रहा पीड़ित, निकला साजिश का हिस्सा
वारदात में घायल हुआ गुड्डू का परिचित फारुख शुरुआत में खुद को पीड़ित बताकर पुलिस को गुमराह करता रहा. लेकिन कॉल डिटेल रिकॉर्ड, तकनीकी निगरानी और पूछताछ में उसकी भूमिका सामने आ गई. जांच में पता चला कि शमशाद और अशफाक ने इंटरनेट कॉलिंग के जरिए पूरी साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई थी.
5 राज्यों में 12 हजार किलोमीटर पीछा, 8 गिरफ्तार
हत्या के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर लगातार ठिकाने बदलते रहे. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच, इंटरनेट कॉलिंग ट्रैकिंग और ग्राउंड इंटेलिजेंस के जरिए 5 राज्यों में करीब 12 हजार किलोमीटर तक पीछा कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार लोगों में फारुख, आफताब, इरफान, शमशाद, अशफाक, रहमतुल्लाह उर्फ छोटू, अमन यादव और शोएब अख्तर शामिल हैं. पुलिस ने एक आरोपी की निशानदेही पर पिस्टल, मैगजीन और कारतूस भी बरामद किए हैं, जबकि बाकी आरोपियों और हथियारों की तलाश जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं