- हैदराबाद में चार पुरुषों को किन्नर का वेश धारण कर गाड़ियों से जबरन वसूली करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया.
- आरोपी महिला कपड़े पहनकर BMW मालिक से पांच हजार रुपये की मांग कर धमकी देते थे और वसूली करते थे.
- जुबली हिल्स पुलिस ने लगभग पांच सौ सीसीटीवी फुटेज की जांच कर संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया.
भारत में सड़क से गुजरते समय आपको रेड लाइट पर किन्नर मिल ही जाते हैं. ये अक्सर रेड लाइट पर 4-6 के ग्रुप में होते हैं. लाल बती होते ही रुकी गाड़ियों के पास आकर लोगों से पैसा मांगते हैं. किन्नर की दुआ खाली नहीं जाती... यह सोचकर कई बार लोग पैसा दे देते हैं. कई बार लोग पैसा नहीं देते हुए आगे भी बढ़ जाते हैं. पैसा नहीं देने की स्थिति में कई बार झगड़ा भी हो जाता है. लेकिन जरूरी नहीं कि आप जिसे किन्नर समझ कर पैसा दे रहे हैं वो किन्नर ही हो. कई बार किन्नर की वेष में पुरुष भी होते हैं. ऐसा ही एक मामला हैदराबाद से सामने आया है. जहां साड़ी पहनकर किन्नर का रूप धड़े 4 पुरुषों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
21 अगस्त को BMW मालिक से मांगे थे पैसे, दी थी धमकी
इन चारों पर आरोप है कि ये महिलाओं के कपड़े पहनकर BMW मालिक को धमका रहे थे. उससे 5,000 रुपये मांग रहे थे. हैदराबाद के जुबली हिल्स पुलिस ने चार लोगों को गिरफ़्तार किया है. इन पर आरोप है कि इन्होंने 21 अगस्त को रोड नंबर 45 पर 'ट्रू ब्लैक कॉफ़ी' के पास एक BMW मालिक को रोका और उनसे 5,000 रुपये की मांग की.

घटना का वायरल वीडियो, जिसके बाद पुलिस ने चारों को किया गिरफ्तार.
यह घटना तब सामने आई जब इस टकराव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया. सीनियर पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर, जांच करने वालों ने लगभग 500 CCTV कैमरों की जांच की और जुबली हिल्स से बोडुप्पल तक संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया.

किन्नर का रूप धड़कर वसूली करने वाले 4 पुरुष गिरफ्तार.
इन चार आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
आरोपियों की पहचान रमेश (40), सत्यनारायण (41), रमेश (42) और यदागिरी (44) के तौर पर हुई है; ये सभी हैदराबाद के बोडुप्पल के रहने वाले हैं. जांच करने वालों का आरोप है कि ये चारों ट्रांसजेंडर बनकर गाड़ी चलाने वालों को रोकते थे और पैसे वसूलते थे. पुलिस ने यह भी बताया कि वे नए घर में गृह-प्रवेश समारोहों और नई खुली दुकानों पर जाकर भी पैसे की मांग करते थे.
टास्क फ़ोर्स की मदद से इन चारों को गिरफ़्तार किया गया और बाद में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. जांच जारी है.
यह भी पढ़ें - भोपाल में निकला किन्नरों का भव्य भुजरिया जुलूस, सज-धजकर पहुंचे हजारों किन्नर; देखने उमड़ा जनसैलाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं