विज्ञापन

समझौते के लिए गए थे भाजपा नेता भारत सिंह, खनन विवाद में जिंदा जलाए गए; कैसे इतनी बढ़ी रंजिश

शुरुआती जांच में पता चला है कि भारत सिंह की फॉर्च्यूनर कार को आगे और पीछे से ट्रकों से घेर लिया गया था. ट्रकों ने कार को ऐसा घेरा था कि वह निकल कर भाग नहीं सके. इसी दौरान कार को आग के हवाले कर दिया गया.

समझौते के लिए गए थे भाजपा नेता भारत सिंह, खनन विवाद में जिंदा जलाए गए; कैसे इतनी बढ़ी रंजिश
भाजपा नेता भारत सिंह की कार में ही जलकर मौत
रायपुर:

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में भाजपा नेता भारत सिंह समेत तीन लोगों को जिंदा जलाकर मार डालने के मामले में नए खुलासे हुए हैं. जानकारी मिली है कि वह सोनहत पुलिस थाना क्षेत्र के तहत आने वाले एक गांव में खनन विवाद में समझौता कराने के लिए गए थे. इसी दौरान उनकी फॉर्च्यूनर कार को ट्रक से टक्कर मार दी गई. उनकी कार टक्कर के बाद जल गई और भारत सिंह समेत तीनों लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. छत्तीसगढ़ पुलिस ने इस मामले में अब तक अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को अरेस्ट कर लिया है. इसके अलावा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. हत्या और हत्या के प्रयास के आरोपों के तहत कुल 9 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है.

इस घटना के बाद पूरे कोरिया जिले में ही दहशत का माहौल है और इलाके में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर फोर्स को तैनात किया गया है. भारत सिंह की इस तरह क्रूरता से हत्या किए जाने की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. उन्हें इलाके में लल्ला सिंह के नाम से भी जाना जाता था और वह जनपत पंचायत अध्यक्ष भी रहे थे. आरोपियों के परिवार का भी भाजपा से ही कनेक्शन बताया जा रहा है. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत सिंह के परिवार को इलाके में खनन का ठेका मिला था. स्थानीय लोगों का दावा है कि इसी को लेकर विवाद था. खनन, ट्रांसपोर्टेशन पर कब्जे को लेकर खींचतान की स्थिति थी.

कोरिया जिले के सोनहत, कैलाशपुर, तेलीमुड़ा, बेलिया और छिंगुरा में खनन कारोबार को लेकर खींचतान चल रही थी. इसी को लेकर समझौता वार्ता के उद्देश्य से भारत सिंह उर्फ लल्ला भैया पहुंचे थे. कहा जा रहा है कि यह विवाद कई महीनों से भारत सिंह के गुट और भाजपा के दूसरे नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार के बीच चल रहा था. त्रिपाठी परिवार भी खनन कारोबार में शामिल रहा है और बैकुंठपुर में उसका बिजनेस रहा है. भारत सिंह और मनोज त्रिपाठी के परिवार के बीच इसी खनन कारोबार को लेकर विवाद था. फिर यह विवाद धीरे-धीरे प्रभाव और प्रतिष्ठा से भी जुड़ गया. मंगलवार की रात को यह विवाद अपने चरम पर पहुंच गया और हिंसा में भारत सिंह अपने दो समर्थकों के साथ मारे गए. 

भारत सिंह के चचेरे भाई की भी जिंदा जलकर मौत, पेशे से थे टीचर

शुरुआती जांच में पता चला है कि भारत सिंह की फॉर्च्यूनर कार को आगे और पीछे से ट्रकों से घेर लिया गया था. ट्रकों ने कार को ऐसा घेरा था कि वह निकल कर भाग नहीं सके. इसी दौरान कार को आग के हवाले कर दिया गया. कुछ लोगों का कहना है कि ट्रक की टक्कर से कार में आग लगी थी. इसी के चलते भारत सिंह और उनके साथी कार के अंदर ही जल गए. भारत सिंह के अलावा मरने वाले दो अन्य लोगों की पहचान वीरेंद्र सिंह और नागेंद्र सिंह के रूप में हुई है. नागेंद्र सिंह पेशे से टीचर थे और भारत सिंह के चचेरे भाई थे. 

लेखक के बारे में
img
अनुराग द्वारी
रेज़िडेंट एडिटर, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़
अनुराग द्वारी करीब ढाई दशक के अनुभव वाले वरिष्ठ और पुरस्कार विजेता पत्रकार हैं। वे NDTV में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कार्यकारी संपादक हैं. पिछले 10... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chattisgarh, Chattisgarh News, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com