- युवती का दोस्त के साथ एक वीडियो हुआ था वायरल.
- पिता और भाई थे नाराज, रची हत्या की खौफनाक साजिश.
- पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.
अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में जिस युवती की मौत को हिट-एंड-रन का मामला समझा जा रहा था वह ऑनर किलिंग का निकला. ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने 27 दिन पुरानी इस वारदात को बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है. सोफिया की हत्या उसके पिता और भाई ने ही की थी और इसे दुर्घटना का रूप दे दिया. पुलिस ने मामले की तहकीकात की तो सच सामने आ गया. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
क्या है पूरा मामला?
अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट का काम करने वाली 22 साल की सोफिया की बेरहमी से हत्या उसके ही पिता और भाई ने एक नकली दुर्घटना की साजिश रचकर की थी. 12 अगस्त की रात सोफिया के 38 वर्षीय भाई मोहमंद हबील ने पुलिस को बताया कि घेलजीपुरा चौराहे के पास तेज रफ़्तार गाड़ी ने पीछे से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. उन्होंने आरोप लगाया कि इस टक्कर से उनकी बहन के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्हें भी चोटें लगीं. सोफिया को तुरंत सोला सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां अगले दिन चोटों के कारण उसकी मौत हो गई.
वीडियो वायरल होने से गुस्से में थे पिता और भाई
पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को पता चला कि तीन महीने पहले सोफिया का एक वीडियो ऑनलाइन वायरल हुआ था. इसके बाद से ही पिता और भाई सोफिया से बेहद नाराज थे. लोगों के सामने बेइज्जती के डर और अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के लिए उन्होंने सोफिया को खत्म करने की एक बेरहम साजिश रची.
हथौड़े से सोफिया के सिर पर तीन बार वार कर ली जान
पुलिस के मुताबिक, सोफिया और अपने पिता मोहमंद फारूक के साथ निकलने से पहले हाबिल ने अपनी पैंट के अंदर लोहे का हथौड़ा छिपा लिया था. वे घेलजीपुरा गांव के पास एक सुनसान कच्चे रास्ते पर गए, जहां हाबिल ने हथौड़े से सोफिया के सिर पर तीन बार वार किया और फारूक ने इसमें उसकी मदद की.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में मणिपुर के म्यूजिशियन के साथ हत्या से पहले क्या-क्या हुआ, पत्नी-बेटे ने खोला धमकी वाला राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं