विज्ञापन

चरस तस्करी से बनाई दौलत पर कार्रवाई, होटल-दुकान समेत 3.32 करोड़ की संपत्ति जब्त

हिमाचल प्रदेश के नूरपुर में चरस तस्करी के आरोपी बलविंदर उर्फ बिल्ला की 3.32 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली गई है. पुलिस जांच में सामने आया कि होटल, दुकानें, वाहन और बैंक खातों में जमा रकम कथित तौर पर नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई थी.

चरस तस्करी से बनाई दौलत पर कार्रवाई, होटल-दुकान समेत 3.32 करोड़ की संपत्ति जब्त
NDTV

हिमाचल प्रदेश के नूरपुर में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. नशा तस्करी के एक आरोपी की करीब 3 करोड़ 32 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी के पास से करीब 1 किलो 852 ग्राम चरस बरामद हुई थी. वित्तीय जांच के दौरान आरोपी की कई संपत्तियों और बैंक खातों का पता चला, जिन्हें पहले फ्रीज किया गया था. 

मामला पुलिस थाना डमटाल का है. 29 दिसंबर 2025 को पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में मामला दर्ज किया था. NDPS Act की धारा 20 और 29 के तहत दर्ज इस मामले में आरोपी बलविंदर उर्फ बिल्ला, निवासी छन्नी, तहसील इंदौरा को गिरफ्तार किया गया था.

अवैध कारोबार से बनाया अकूत संपत्ति

जिला नूरपुर पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 1 किलो 852 ग्राम चरस बरामद हुई थी. इसके बाद मामले की जांच के दौरान आरोपी की चल और अचल संपत्ति की वित्तीय जांच की गई.

जांच में पुलिस को ऐसी संपत्तियों का पता चला, जिनके बारे में संदेह था कि उन्हें नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित आय से बनाया गया है. 

इनमें अचल संपत्तियां, होटल-कम-रेस्टोरेंट, दुकानें, मोटर वाहन और बैंक खातों में जमा रकम शामिल थी. पुलिस ने इन संपत्तियों को अस्थायी रूप से फ्रीज कर दिया और पूरी रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली को भेजी गई. 

पहले भी देखे गए कई मामले

अब सक्षम प्राधिकारी ने पुलिस की वित्तीय जांच को सही मानते हुए 3 करोड़ 32 लाख 30 हजार 941 रुपये मूल्य की संपत्ति की जब्ती की पुष्टि की है.

नूरपुर पुलिस के मुताबिक, नशे के खिलाफ कार्रवाई सिर्फ एक मामले तक सीमित नहीं है. 10 सितंबर 2026 तक 17 मामलों में नशे के कारोबार में शामिल आरोपियों की करीब 29 करोड़ 95 लाख 92 हजार 857 रुपये की संपत्ति जब्त करवाई जा चुकी है.

पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज का कहना है कि कुछ अन्य मामलों में भी आरोपियों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई सक्षम प्राधिकारी, दिल्ली के समक्ष विचाराधीन है. नशे के कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

यह भी पढ़ें: दिल्ली की फ्लाइट में बीच आसमान आई खराबी तो यात्रियों की अटकी सांसें, जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Drugs
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com