विज्ञापन
This Article is From Oct 08, 2024

Haryana J&K Results: हरियाणा में BJP ने रचा इतिहास, जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-NC गठबंधन का चला जादू

Vidhan Sabha Chunav Result: जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन को बहुमत मिलना और हरियाणा में बीजेपी की बड़ी जीत करीब तय हो चुकी है.

Haryana J&K Results:  हरियाणा में BJP ने रचा इतिहास, जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-NC गठबंधन का चला जादू
Election Results 2024 LIVE: हरियाणा में बीजेपी तो जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-एनसी ने बड़ी जीत की तरफ
नई दिल्ली:

हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती और अंतिम नतीजे आने का सिलसिला अंतिम दौर में है. अभी तक आए रुझानों में हरियाणा में जहां बीजेपी बड़ी जीत की ओर अग्रसर दिख रही है वहीं, जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) गठबंधन को बहुमत मिलता दिख रहा है. हरियाणा में बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता में आकर इतिहास रचने जा रही है. बात अगर जम्मू-कश्मीर की करें तो इस केंद्र शासित प्रदेश की जनता ने कांग्रेस और एनसी पर भरोसा जताया है. बता दें कि जम्मू कश्मीर में 10 साल बाद चुनाव हुए हैं. इस चुनाव में कुल 63.45 फीसदी वोट डाले गए थे. इस बार के चुनाव में सीधा मुकाबला बीजेपी और एनसी-कांग्रेस के बीत बताई जा रही है. वहीं, पीडीपी और अवामी इत्तेहाद पार्टी जैसे दल इस बार किंगमेकर की भूमिका निभा सकते हैं. अगर बात बीते दिनों आए एग्जिट पोल त्रिशंकु विधानसभा की तरफ इशारा करते हैं, जिसमें कोई भी पार्टी एक दूसरे पर पूरी तरह से हावी होती नहीं दिख रही है. कुछ दिन पहले जारी किए गए एग्जिट पोल के बाद से ही जम्मू-कश्मीर में राजनीति का गुणा-गणित भी शुरू हो गया है. दूसरी तरफ हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है. हरियाणा में BJP को हैट्रिक लगाने की उम्मीद है, जबकि एग्जिट पोल के अनुमान से उत्साहित विपक्षी दल कांग्रेस (Congress) 10 साल बाद सत्ता में वापसी की आस लगाए बैठी है.

Haryana and J&K Election Results 2024: 

हमें खत्म करने की साजिश की गई - उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर में एनसी-कांग्रेस गठबंधन की जीत के रुझानों के बीच एनसी के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला का बड़ा बयान आया है. उन्होंने कहा कि जनता ने उन लोगों को जवाब दे दिया है जो लोग हमें खत्म करने की साजिश कर रहे थे. इन साजिश करने वालों ही जनता ने अपना जवाब दिया है. 

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और गांदरबल व बडगाम से उम्मीदवार उमर अब्दुल्ला ने पार्टी के प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि हम फिलहाल जनता का शुक्रिया अदा करते हैं लेकिन जब तक पूरे नतीजे नहीं आ जाते तब तक हमें इंतजार करना चाहिए.

हरियाणा में कुमारी शैलजा ने मानी हार

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा ने हरियाणा में पार्टी की हार स्वीकार की है. उन्होंने एनडीटीवी से बातचीत के दौरान कहा कि ये नतीजे कांग्रेस के लिए एक बड़े सेटबैक की तरह है. यह रिजल्ट हमारे लिए बहुत निराशाजनक है. मैंने लोकसभा चुनाव से पहले ही कहा था कि मैं हरियाणा विधानसभा चुनाव में चुनाव लड़ना चाहती हूं  लेकिन कुछ वजह से ऐसा नहीं हो सका.

Latest and Breaking News on NDTV

जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा फिर से बहाल होना चाहिए - फारूक अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन की बड़ी जीत के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलना चाहिए. हम इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर इस मुद्दे को जोर-शोर से उठा रहे हैं. 

जुलाना सीट से विनेश फोगाट जीतीं

हरियाणा की जुलाना सीट से कांग्रेस की चर्चित उम्मीदवार विनेश फोगाट को जीत मिली है. महिला पहलवान विनेश फोगाट ने बीजेपी उम्मीदवार योगेश बैरागी को बड़े अंतर से हरा दिया है. मतगणना के दौरान विनेश फोगाट शुरू से ही बढ़त बनाए रहीं. विनेश फोगाट विधानसभा चुनाव से ठीक पहले ही कांग्रेस में शामिल हुई थीं. इसके बाद ही पार्टी ने उन्हें जुलाना से उम्मीदवार बनाया था. 

अंबाला कैंट से अनिल विज की जीत

हरियाणा की अंबाला सीट से भाजपा उम्मीदवार अनिल विज जीत गए हैं. विज ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि हम पहले दिन से कह रहे हैं कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा अपने दम पर सरकार बनाएगी. कांग्रेस के रोने के अलग-अलग तरीके हैं, धीरे-धीरे यह सिलसिला बढ़ता जाएगा. सुबह कह रहे थे कि राहुल गांधी और हुड्डा साहब ने कमाल कर दिया, लेकिन अब कह रहे हैं कि चुनाव आयोग बदल गया है. यह कांग्रेस के रोने के अलग-अलग तरीके हैं.

अनिल विज ने कहा है कि पार्टी हाईकमान अगर चाहेगी तो मैं राज्य का अगला सीएम बनूंगा. उन्होंने कहा कि इस चुनाव में हमारी पार्टी को एक बार फिर जीत मिलने जा रही है. 

कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है - भूपेंद्र सिंह हुड्डा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सूबे के पूर्ण मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावा किया है कि रुझानों में हम भले ही पीछे दिख रहे हों लेकिन राज्य में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी. 

हरियाणा के पानीपत में रोकी गई ईवीएम से वोटों की गिनती

हरियाणा के पानीपत में वोटों की गिनती को रोकने की खबर है. बताया जा रहा है कि ईवीएम पर सवाल उठाए जाने के बाद यहां पर वोटों की गिनती को रोका गया है. 

हरियाणा के रुझानों में बीजेपी को बहुमत

हरियाणा चुनाव के रुझानों में बीजेपी को एक बार फिर बहुमत मिल चुका है. अभी तक बीजेपी 49 सीटों पर आगे है जबकि कांग्रेस अभी 36 सीटों पर आगे चल रही है. 

जम्मू-कश्मीर में 50 के करीब पहुंची कांग्रेस 

जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और एनसी गठबंधन की 49 सीटों पर जीत करीब तय हो चुकी है. बीजेपी को 29 सीटों पर बढ़त मिली है. 

हरियाणा में AAP का नहीं खुला खाता

हरियाणा के रुझानों में आम आदमी पार्टी को एक भी सीट नहीं मिलने की संभावना है. आपको बता दें कि हरियाणा में पहले कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन होने की बात सामने आई थी. हालांकि दोनों पार्टियों के बीच बात नहीं बन पाई और दोनों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा.  

कांग्रेस मुख्यालय में बंटने लगी मिठाइयां

जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के जब शुरुआती रुझान आए तो कांग्रेस बड़ी जीत की तरफ बढ़ती दिख रही थी. शुरुआती रुझानों में पार्टी को अधिक सीटें मिलने से खुश पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय में जश्न भी मनाया और जमकर मिठाइयां बांटीं. हरियाणा से आए शुरुआती रुझानों में कांग्रेस को बहुमत मिलता दिख रहा था.  हरियाणा में मतगणना के शुरुआती दौरों में कांग्रेस 43 सीटों पर आगे चल रही था, जबकि बीजेपी 23 सीटों पर आगे थी. इसके पहले कांग्रेस ने 30 सीटों पर आगे चल रही थी जबकि बीजेपी 20 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी. एकदम शुरुआती दौर में कांग्रेस 12 सीटों पर आगे चल रही थी जबकि बीजेपी 9 सीटों पर आगे चल रही थी. 

जम्मू-कश्मीर में बीजेपी और कांग्रेस में कांटे की टक्कर

जम्मू-कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. मतगणना की शुरुआत में बीजेपी जहां 18 सीटों पर आगे चल रही थी वहीं कांग्रेस भी 17 सीटों पर आगे थी. बाद में कांग्रेस ने बढ़त बनाई और वह 22 सीटों पर आगे चलने लगी. दूसरी तरफ बीजेपी 19 सीटों पर आगे चल रही थी. इससे पहले कांग्रेस और बीजेपी 8-8 सीटों पर आगे चल रही थीं. इससे पहले बीजेपी तीन सीटों पर और कांग्रेस दो सीटों आगे चल रही थी. 

कैथल की जनता बदलाव चाहती है - आदित्य सुरजेवाला, कांग्रेस प्रत्याशी

हरियाणा के कैथल से कांग्रेस प्रत्याशी आदित्य सुरजेवाला ने कहा है कि हरियाणा की जनता बदलाव चाहती है. मैं बीते एक साल से जनता के बीच जाता रहा हूं. कैथल की गलियों और मोहल्लों की जो हालत है उससे यहां की जनता खासी नाखुश है.

नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र में सैनी समाज धर्मशाला पहुंचे

हरियाणा के मुख्यमंत्री और लाडवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी परिणाम आने से पहले कुरुक्षेत्र में सैनी समाज धर्मशाला पहुंचे थे. इस मौके पर उनके साथ पार्टी के कई कार्यकर्ता भी मौजूद थे. 

नतीजों से पहले ही कांग्रेस ने मनाया जश्न

हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर शुरुआती रुझान जब आए ही नहीं थे लेकिन कांग्रेस मुख्यालय में जश्न का माहौल बन गया था. सुबह से ही कांग्रेस मुख्यालय में पटाखे फूट रहे थे और ढोल नगाड़ों पर पार्टी कार्यकर्ता जमकर थिरकते भी दिख रहे थे.

विनेश फोगाट की सीट पर टिकी थीं सबकी नजरें

हरियाणा विधानसभा चुनाव के तहत जुलाना सीट से नतीजों पर सबकी नजर थी. इस सीट से कांग्रेस ने ओलंपियन विनेश फोगाट को मैदान में उतारा था. बीजेपी ने यहां से योगेश बैरागी को उतारा था. इस सीट पर बंपर वोटिंग हुई. ऐसे में लोगों में  इस बात को लेकर बेहद दिलचस्प थी कि इस बार जनता विनेश को मौका देगी या फिर दोबारा बैरागी को ही चुनकर विधानसभा भेजेगी. मतदाताओं ने विनेश को मौका दिया.

सीएम सैनी ने किया था बीजेपी सरकार की वापसी का दावा

हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने चुनाव नतीजे आने से ठीक पहले एक बड़ा दावा किया था. उन्होंने कहा था कि उन्हें पूरा भरोसा है कि राज्य की जनता एक बार फिर बीजेपी पर भरोसा जताने जा रही है और हम एक बार फिर सत्ता में वापसी करने जा रहे हैं. 

जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद हुए हैं चुनाव

कश्मीर घाटी सहित जम्मू में पूरे दस साल के बाद विधानसभा चुनाव कराए गए हैं. इस बार के चुनाव में 63 फीसदी से ज्यादा मतदान करके घाटी की जनता ने यह साफ कर दिया है वह अब बड़ा बदलाव चाहती है. हरियाणा और जम्मू कश्मीर के एग्जिट पोल में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला दिखाया गया था, हालांकि दोनों राज्यों में कांग्रेस को बढ़त दिखाई गई थी. जम्मू कश्मीर का एग्जिट पोल तो करीब सही साबित हुआ, लेकिन हरियाणा में नतीजे उलट गए.    

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haryana Election Results 2024, Jammu Kashmir Election Results 2024, Election Results 2024
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com