- हरियाणा के कलानौर की खैरड़ी में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित करने का मामला गरमा गया.
- आम आदमी पार्टी ने दो सप्ताह बाद भी अपराधियों को गिरफ्तार न किए जाने पर भाजपा सरकार की आलोचना की है.
- आम आदमी पार्टी के अनुराग ढांडा ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है.
हरियाणा में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इसे लेकर के सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. आम आदमी पार्टी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. पार्टी ने दो सप्ताह के बाद भी अपराधियों के नहीं पकड़े जाने पर सवाल उठाए हैं. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने एक एक्स पोस्ट कर कहा है कि बाबा साहेब का अपमान कर हमारी भावनाओं को आहत किया जा रहा है.
कलानौर की खैरड़ी में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को 9 अप्रैल को खंडित कर दिया गया था. इस घटना को दो सप्ताह का वक्त बीत चुका है. अनुराग ढांडा ने कहा कि दो सप्ताह बीतने के बावजूद भी अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं.
ढांडा ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
उन्होंने प्रदेश की पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए और सवाल किया कि क्या पुलिस बाबा साहेब का अपमान करने वालों को सलाखों के पीछे नहीं भेज सकती है? या सरकारी संरक्षण में सुनियोजित तरीके से बाबा साहेब का अपमान कर हमारी भावनाओं को आहत किया जा रहा है?
संविधान निर्माता का अपमान बर्दाश्त नहीं: ढांडा
ढांडा ने अपनी पोस्ट में कहा कि आम आदमी पार्टी बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने वाली पार्टी है. हम संविधान निर्माता का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं