हरियाणा के रोहतक शहर के डी-पार्क बाजार इलाके में मंगलवार को कुछ दुकानों में भीषण आग लग गई जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. आग में 10 से ज्यादा दुकानें जलकर खाक हो गईं. सिविल लाइंस पुलिस थाने के प्रभारी महेंद्र सिंह ने फोन पर कहा, ‘‘इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है. सभी पुरुष हैं और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं. ''
पूर्व सीएम के घर के पास है बाजार
जिस बाजार में आग लगी, वह रोहतक शहर के सबसे पुराने बाजारों में से एक है, और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के घर के पास स्थित है. आग लगने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्यों की निगरानी की. माना जा रहा है कि आग दोपहर में एक जूते के शोरूम में लगी और तेजी से आस-पास की दुकानों तक फैल गई.
घटनास्थल पर पहुंचे दीपेंद्र हुड्डा
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के पीछे के कारण की जांच की जा रही है. कांग्रेस के रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात की. कांग्रेस नेता ने ‘एक्स' पर कहा, ‘‘रोहतक के डी-पार्क इलाके में लगी भीषण आग में जान-माल के व्यापक नुकसान की खबर बेहद दुखद है. इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की सूचना मिलते ही मैं घटनास्थल पर पहुंचा, प्रभावित दुकानदारों से मिला, उन्हें दिलासा दिया और नुकसान का जायजा लिया."
सीएम नायब सिंंह सैनी ने मांगी रिपोर्ट
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हादसे में करने वालों को दुख जताया. हादसे में मृतकों के परिवारों के प्रति व्यक्त की अपनी संवेदनाएं व्यक्त की. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करी. सरकार सभी घायलों का सरकारी अस्पताल में मुफ़्त इलाज भी मुहैया कराएगी. उपायुक्त रोहतक को हादसे में हुए नुकसान का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट बनाने का भी निर्देश दिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं