हरियाणा में पेपर लीक का मुद्दा एक बार फिर सोशल मीडिया पर सियासी संग्राम बन गया है. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा बीजेपी को खुली चुनौती देते हुए हमला बोला. इसके जवाब में हरियाणा बीजेपी ने AAP पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया और अपनी सरकार की भर्ती प्रक्रिया को सबसे अच्छा मॉडल बताया. दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हैं.
आम आदमी पार्टी का आरोप है कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में कई पेपर लीक हुए हैं. विपक्ष का आरोप है कि हर बार पेपर लीक की खबर आने के बाद परीक्षा रद्द हुई, जांच बैठी, लेकिन सबसे बड़ा नुकसान उन युवाओं का हुआ जिन्होंने वर्षों तक तैयारी की थी.
विपक्ष यह भी सवाल उठा रहा है कि भर्ती परीक्षाओं की गोपनीयता और सुरक्षा पर हर साल 20 करोड़ से ज्यादा रुपये खर्च किए जाते हैं. इसके बावजूद बार-बार पेपर लीक और भर्ती विवाद सामने आने का मतलब क्या है? यदि व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है तो बार-बार परीक्षाओं पर सवाल क्यों उठते हैं? युवाओं का समय, पैसा और मानसिक दबाव कौन लौटाएगा?
दूसरी ओर, हरियाणा बीजेपी इन सभी आरोपों को राजनीतिक प्रचार बता रही है. पार्टी का कहना है कि बीजेपी सरकार ने मेरिट के आधार पर लाखों युवाओं को बिना सिफारिश और बिना रिश्वत नौकरी दी है. बीजेपी का आरोप है कि आम आदमी पार्टी हरियाणा की उपलब्धियों से ध्यान हटाने के लिए भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है और पहले उसे पंजाब में भर्ती, कानून-व्यवस्था और नशे जैसे मुद्दों पर जवाब देना चाहिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं