हरियाणा के गुरुग्राम से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां के एक ईटरी यानी खाने-पीने की दुकान के मालिक ने अपने दोस्त के मरवाने के लिए किराए के बदमाश चुने. कथित तौर पर उसने अपने बचपन के दोस्त को किराए के हमलावरों से गोली मारकर हत्या करवा दी. इतना नही नहीं, इसके बाद उसने दो बाइक सवारों द्वारा 'रोड-रेज' यानी सड़क पर झगड़े में की गई हत्या दिखाने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह गुरुग्राम में शीतला माता मंदिर के पास अगल-बगल चल रही दो दुकानों के बीच लंबे वक्त से चली आ रही बिजनेस की दुश्मनी थी.
यह हत्या कथित तौर पर बुधवार आधी रात के आसपास हुई, जब दोनों दोस्त कार से गाजियाबाद की तरफ जा रहे थे. मृतक अमित सैनी (35) का शव इंदिरापुरम में हिंडन कनावनी रोड पर उनकी कार के अंदर मिला. उनके सिर के पिछले हिस्से में गोली लगी थी.
पुलिस ने क्या बताया?
TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, एसीपी (इंदिरापुरम) सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, विजय शर्मा ने पुलिस को बताया कि अमित सैनी किसी से पैसे लेने गाजियाबाद आया था और उसने शर्मा को भी साथ चलने के लिए कहा था. विजय शर्मा का दावा है कि वह पेशाब करने के लिए गाड़ी से बाहर निकला था, तभी गुरुवार रात करीब 1 बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उसको रोका.
ये भी पढ़ें: गुरुग्राम की सोसायटी में दर्दनाक हादसा, लड़के के सिर पर गिरा बास्केटबॉल पोल, खौफनाक वीडियो
एसीपी मौर्य ने कहा, "उसने बताया कि वे लोग कार में घुसे और अमित को गोली मार दी, जबकि वह कार के अंदर ही बैठा था." आरोपी शर्मा ने यह भी दावा किया कि उसने उनका पीछा किया लेकिन वे भाग निकले और वह बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट नहीं कर पाया."
एसीपी ने कहा, "चोट लगने के बावजूद कार के अंदर खून का कोई निशान नहीं था, जिससे हमें शर्मा की बात पर शक हुआ. हमने पूछताछ के लिए उसे हिरासत में ले लिया."
ये भी पढ़ें: सैलाब में डूबती, रेंगती बेबस दिखी साइबर सिटी? मॉनसून की पहली ही बारिश ने खोली गुरुग्राम की पोल
क्या थी हत्या की वजह?
पूछताछ के दौरान, विजय शर्मा ने कथित तौर पर दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की. पुलिस ने बताया कि शर्मा और सैनी दोनों शीतला माता मंदिर परिसर के अंदर अलग-अलग खाने-पीने की दुकानें चलाते थे. ये स्टॉल भाटी नाम के एक कॉन्ट्रैक्टर से मिले सब-कॉन्ट्रैक्ट के तहत चलाए जाते थे. पुलिस के मुताबिक, अमित सैनी अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए विजय शर्मा की दुकान हटवाना चाहता था, जिसके बाद भाटी ने कथित तौर पर विजय से जगह खाली करने को कहा.
एसीपी सूर्यबली मौर्य ने कहा, "विजय के मन में रंजिश थी. उसने दो साथियों के साथ मिलकर साजिश रची और अमित की हत्या करवा दी." पुलिस ने फरार दोनों शूटर्स को गिरफ्तार करने के लिए टीमें बनाई हैं और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए इलाके के CCTV फुटेज की जांच कर रही है.
अमित सैनी के परिवार की शिकायत पर, विजय शर्मा और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 (हत्या) के तहत एफआईआर दर्ज की गई. सैनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं