गुरुग्राम में महिला बाइकर सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में अब परिवार भी खुलकर सामने आ गया है. सिया के पिता रौशन चौहान और भाई दीपांकर चौहान गुरुग्राम पहुंचे और सेक्टर-56 थाने में पुलिस को लिखित शिकायत दी. परिवार ने मामले में और गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग की है.
'ये सामान्य हादसा नहीं था'
NDTV से बातचीत में सिया के पिता रौशन चौहान ने कहा कि यह कोई सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं थी. उनके मुताबिक, सिया की जान भी जा सकती थी. उन्होंने कहा कि जल्द ही जांच अधिकारी के सामने सिया का बयान दर्ज कराया जाएगा और जरूरत पड़ने पर कोर्ट में भी बयान दिया जाएगा. रौशन चौहान ने आरोप लगाया कि कार सवारों ने चार लेन छोड़कर सिया की बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद मौके से फरार हो गए.
'हिट एंड रन का साफ मामला'
सिया के पिता का कहना है कि यह मामला हिट एंड रन का है और इसमें सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा, 'गाड़ी चलाना सामान्य बात है, लेकिन किसी को टक्कर मारकर मौके से भाग जाना गलत है.' उन्होंन कहा कि आरोपियों को शायद लगा होगा कि बाइक पर कोई कैमरा नहीं लगा होगा और वे आसानी से निकल जाएंगे, लेकिन पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई.
'सिया अभी सहज महसूस नहीं कर रही'
पिता ने बताया कि घटना के बाद सिया अभी पूरी तरह सहज नहीं है और परिवार कानूनी लड़ाई लड़ रहा है. उनका कहना है कि परिवार चाहता है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
भाई दीपांकर ने क्या कहा?
सिया के भाई दीपांकर चौहान ने बताया कि परिवार गुरुग्राम सेक्टर-56 थाने पहुंचा और SHO को शिकायत सौंपी. उन्होंने पुलिस से मामले में हरासमेंट, हिट एंड रन और अटेम्प्ट टू मर्डर जैसी धाराएं जोड़ने की मांग की है.
'अगर हादसा था तो आरोपी भागे क्यों?'
दीपांकर चौहान का आरोप है कि सिया को पहले ओवरटेक किया गया और फिर जानबूझकर टक्कर मारी गई. उन्होंने कहा,'अगर यह सिर्फ एक हादसा था, तो टक्कर के बाद आरोपी मौके से भागे क्यों?'
दीपांकर ने कहा कि सिया बेहद हिम्मती लड़की है. उनके मुताबिक, किसी महिला के लिए अपने साथ हुई घटना को सोशल मीडिया पर खुलकर बताना आसान नहीं होता. उसके लिए बहुत हिम्मत चाहिए. हमें उम्मीद है कि यह लड़ाई जल्द अपने अंजाम तक पहुंचेगी.
यह भी पढ़ें: 'मॉब लिंचिंग के डर से मैं भागा था', गुरुग्राम हॉरर के आरोपी कल्याण बैसला ने चला विक्टिम कार्ड, क्या बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं