- गाजियाबाद के साहिबाबाद लाजपत नगर में दशहरे के लिए रावण का पुतला बनाते समय बम बनाने के दौरान बड़ा धमाका
- धमाके की आवाज एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए
- धमाके से जिस भवन में निर्माण कार्य चल रहा था, उसकी दीवारें टूट गईं और सामान चारों ओर बिखर गया
गाजियाबाद के साहिबाबाद पर शानी चौक स्थिति लाजपत नगर में दशहरे को लेकर रावण का पुतला बनाने का काम चल रहा था. रावण के पुतले के लिए बम बनाए जा रहे थे, जिसमें एक बड़ा ब्लास्ट हुआ. धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज लगभग एक किलोमीटर दूर तक लोगों को सुनाई दी. इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है.

गाजियाबाद में रावण का पुतला बनाते समय हुआ धमाका कितना गंभीर था, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिस भवन में निर्माण काम चल रहा था, उसकी दीवारें भी टूट गई हैं. लोहे के दरवाजे किसी टिन के पतले पतरे की तरह मुड़ गए.चारों तरह सामान बिखरा हुआ नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि बम के धमाकों की आवाज लगभग एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. ऐसे में इस बात की भी पुलिस जांच कर रही है कि क्यों बमों में तय सीमा से ज्यादा केमिकल भरा गया था?

हालांकि, अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि बमों में धमाका कैसे हुआ, क्योंकि घटनास्थल पर मौजूद सभी लोग गंभीर रूप से घायल हैं. हालत स्थिर होने पर ही घायलों का बयान दर्ज किया जाएगा, तभी स्थिति साफ हो पाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं