मणिपुर में जारी जातीय संघर्ष के बीच मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शनिवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि सभी राष्ट्रीय राजमार्गों को तत्काल प्रभाव से खोला जा रहा है. उन्होंने इंफाल-दिमापुर बस सेवा को भी दोबारा शुरू करने की बात कही है.
सभी समुदायों के बीच मेल-मिलाप को तेज करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने यह ऐलान किया है. सीएम ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया. अलग-अलग सरकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को लाभ वितरित किए गए.
मणिपुर सीएम ने क्या कहा?
विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि मणिपुर का इतिहास करीब 3,000 साल पुराना है. कुछ ऐतिहासिक घटनाओं को याद करते हुए उन्होंने 19वीं सदी के ‘सात साल के विनाश' यानी ‘Seven Years' Devastation' को राज्य के इतिहास के सबसे त्रासद दौर में से एक बताया.
मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि मणिपुर की सीमाओं का निर्माण सभी समुदायों ने मिलकर किया है और सभी ने मिलकर इसकी रक्षा की है. उनके मुताबिक, कुछ निहित स्वार्थ वाले लोग अपने फायदे के लिए लोगों को गुमराह करने की कोशिश की. मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की है कि लोग सबसे पहले खुद को भारतीय के तौर पर देखें और उसके बाद एक मणिपुरी के तौर पर.
ये भी पढ़ें- अरबईन वॉक के बारे में आप कितना जानते हैं?
मणिपुर के विकास पर बोले सीएम
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि पूर्वोत्तर का विकास होना जरूरी है. उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अमेरिका के लोग अपनी राष्ट्रीयता पर गर्व करते हैं और सिंगापुर के लोग सिंगापुरी होने पर गर्व करते हैं. लेकिन मणिपुर में कुछ लोग खुद को मणिपुरी कहने में भी हिचकिचा रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं