Ghaziabad Bomb Blast Video: गाजियाबाद से सामने आया एक 6 सेकंड का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो देखकर लोग सिहर गए हैं. यह वीडियो बताता है कि जरा‑सी लापरवाही कैसे जिंदगीभर का दर्द दे सकती है. अनार जलाते समय एक चिंगारी ऐसे हादसे की वजह बन गई कि व्यक्ति का हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आखिरकार हथेली तक काटनी पड़ी.
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक व्यक्ति सड़क पर अनार जला रहा है. जैसे ही अनार की चिंगारी उसके दाहिने हाथ से छूती है, उसी पल जोरदार धमाका होता है. धमाका इतना तेज था कि व्यक्ति घबरा जाता है और इधर‑उधर भागता नजर आता है. वीडियो देखने वाले भी सहम गए हैं.
दाहिने हाथ में था बम, चिंगारी से विस्फोट
जानकारी के मुताबिक, व्यक्ति के दाहिने हाथ में बम रखा हुआ था. अनार जलाते समय निकली चिंगारी सीधे उसी हाथ से टच हो गई और बम फट गया. धमाके में हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया. घायल हालत में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों को दाहिना हाथ हथेली तक काटना पड़ा.
अंबेडकर जयंती के दिन हुआ हादसा
यह घटना 14 अप्रैल, अंबेडकर जयंती के दिन की बताई जा रही है. जिस दिन लोग उत्साह और खुशी मना रहे थे, उसी दिन यह हादसा हो गया. वीडियो उसी दिन का बताया जा रहा है, जो अब सामने आने के बाद लोगों को सचेत कर रहा है.
हादसे का शिकार हुए व्यक्ति की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है. वह गाजियाबाद के हापुड़ रोड स्थित दीना गढ़ी इलाके में रहते हैं. उनकी उम्र करीब 48 साल है. पहले वह पुराने दोपहिया वाहनों के सेल‑परचेज का काम करते थे, फिलहाल एक टायर कंपनी में नौकरी कर रहे हैं.

पीड़ित राजकुमार।
जश्न के दौरान बरती लापरवाही पड़ी भारी
राजकुमार भी अन्य लोगों की तरह अंबेडकर जयंती की खुशियां मना रहे थे. वह सड़क पर अनार चला रहे थे और उसी दौरान यह गंभीर हादसा हो गया. एक पल की लापरवाही ने उनकी जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया.
धमाके के बाद राजकुमार की हालत गंभीर हो गई. आसपास मौजूद लोग उन्हें आनन‑फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने काफी कोशिश की, लेकिन हाथ को बचाया नहीं जा सका और आखिरकार हथेली तक काटना पड़ा.
सोशल मीडिया पर लोग जता रहे चिंता
वीडियो वायरल होने के बाद लोग न सिर्फ हैरान हैं, बल्कि चिंता भी जता रहे हैं. कई लोग इस तरह के खतरनाक पटाखों और बमों के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं