वीडियो गेम की दुनिया में Grand Theft Auto यानी GTA की लोकप्रियता एक बार फिर चर्चा में है. Rockstar Games के नए गेम GTA 6 ने कमाई के मामले में मनोरंजन जगत का नया रिकॉर्ड बनाने का दावा किया है. गेम के डेवलपर के मुताबिक, प्री-ऑर्डर और लॉन्च के पहले दिन की बिक्री से इसे 3.79 अरब डॉलर यानी करीब 3.79 बिलियन डॉलर का रेवेन्यू मिला है. भारतीय करेंसी में कमाई की ये रकम 35,126 करोड़ रुपये के बराबर होती है.
ANI की रिपोर्ट के अनुसार, गेम की पैरेंट कंपनी Take-Two Interactive ने इसे किसी भी माध्यम में मनोरंजन जगत की सबसे बड़ी लॉन्चिंग बताया है. कंपनी के मुताबिक, GTA 6 ने इतिहास का सबसे बड़ा एंटरटेनमेंट लॉन्च दर्ज किया है. हालांकि, कंपनी के प्रवक्ता ने अब तक ये नहीं बताया कि पहले दिन गेम की कितनी कॉपी बिकीं.
ब्लॉकबस्टर फिल्मों की कमाई को भी पीछे छोड़ा
GTA 6 की बताई गई कमाई कई बड़ी हॉलीवुड फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से ज्यादा है. Variety की रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में अब तक सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म Spider-Man: Brand New Day ने दुनियाभर में 2.52 अरब डॉलर का कारोबार किया है. वहीं, क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म The Odyssey की कमाई 1.8 अरब डॉलर से कुछ ज्यादा रही है.
GTA 6 की पहले दिन की बताई गई कमाई Avengers: Endgame के दुनियाभर के 2.9 अरब डॉलर के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से भी ज्यादा है. ये फिल्म अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल है. गेम की कमाई की तुलना जेम्स कैमरून की पिछली दो Avatar फिल्मों के कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से भी की गई है.
यह भी पढ़ें | 13 साल का इंतजार खत्म! GTA 6 लॉन्च को लेकर मचा क्रेज, गेमर्स बोले- ये सिर्फ गेम नहीं, इमोशन है
1.5 बिलियन डॉलर खर्च, बनाने में लग गए 10 साल से ज्यादा
GTA 6 को बनाने में डेवलपर ने 10 साल से ज्यादा समय लगाया. रिपोर्ट के मुताबिक, गेम के विकास पर करीब 1.5 अरब डॉलर खर्च हुए हैं.
इसे गुरुवार को PlayStation 5 और Xbox Series X तथा Series S के लिए लॉन्च किया गया. Xbox की Cloud Gaming सर्विस के जरिए Xbox One पर भी इसे उपलब्ध कराया गया है.
गेम के दो वर्जन की कीमतों में 20 डॉलर का अंतर है.
- Standard Edition- 80 डॉलर
- Ultimate Edition- 100 डॉलर
गेम के प्री-ऑर्डर 25 जून से शुरू हुए थे.
यह भी पढ़ें | GTA 6 के लिए अमेरिकी सेना का ऑफर, वीडियो गेम खेलने के लिए सैनिकों को मिलेगी 4 दिन की छ्ट्टी!
80 घंटे की कहानी, Jason और Lucia हैं मुख्य किरदार
GTA 6 की कहानी काल्पनिक जगह Leonida में आगे बढ़ती है. इसमें Jason और Lucia नाम के किरदारों की कहानी दिखाई गई है, जो अपराध की दुनिया में आगे बढ़ते हैं.
गेम की मुख्य कहानी पूरी करने में करीब 80 घंटे लगने का अनुमान है. यानी खिलाड़ियों को गेम के मिशन और कहानी के लिए लंबा समय देना पड़ सकता है.
गेम ऑफ द ईयर के लिए भी नॉमिनेशन
GTA 6 को Metacritic पर 99 का स्कोर मिला है. Variety के मुताबिक, इस स्कोर के साथ ये अब तक के सबसे ज्यादा रेटिंग पाने वाले वीडियो गेम्स में शामिल हो गया है.
गेम को दिसंबर में होने वाले The Game Awards में Game of the Year कैटेगरी के लिए भी नामांकन मिला है.
गेम की लॉन्चिंग और दुनिया भर के खिलाड़ियों से मिले रिस्पॉन्स पर Rockstar Games के फाउंडर सैम हाउसर ने खुशी जताई.
उन्होंने कहा कि Grand Theft Auto VI की रिलीज के साथ कंपनी एक नए अध्याय में प्रवेश कर रही है. दुनिया भर के खिलाड़ियों से मिले रिस्पॉन्स के लिए कंपनी आभारी है और इस पल को उनके साथ साझा करने को लेकर उत्साहित है.
यह भी पढ़ें | GTA 6 खेलो, सालाना 1 करोड़ रुपये कमाओ; अमेरिका की Kalshi कंपनी ने निकाला 'ड्रीम जॉब' ऑफर
यह भी पढ़ें | सोना खरीदने वाले सावधान! रेनियम-इरिडियम मिला कर बढ़ा रहे वजन, GJC का अलर्ट, ग्राहकों को 5 सलाह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं