विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर से लेकर गुजरात तक तेल सप्लाई की क्या हालत, राज्यों के सीएम और मंत्रियों ने खुद बता दी हकीकत

मिडिल ईस्ट संकट के बीच देश के कई मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों ने साफ किया है कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है. सरकार ने अफवाहों से बचने और पैनिक बाइंग न करने की अपील की है.

जम्मू-कश्मीर से लेकर गुजरात तक तेल सप्लाई की क्या हालत, राज्यों के सीएम और मंत्रियों ने खुद बता दी हकीकत
मिडिल ईस्ट संकट से तेल सप्लाई प्रभावित
  • महाराष्ट्र, जम्मू‑कश्मीर, छत्तीसगढ़ और पंजाब के मुख्यमंत्रियों ने ईंधन की कोई कमी नहीं होने की पुष्टि की
  • महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने देश में साठ दिनों से अधिक का घरेलू ईंधन भंडार सुरक्षित बताया है
  • गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्षभाई ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ 17 मामलों में कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

मिडिल ईस्ट के गहराते संकट की वजह से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच देश के कई राज्यों में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर चिंता जताई जा रही थी. ऐसे माहौल में महाराष्ट्र, तेलंगाना, जम्मू‑कश्मीर, छत्तीसगढ़ और पंजाब के मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों ने सामने आकर साफ किया है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है, सप्लाई पूरी तरह  से सामान्य है और फिलहाल किसी तरह की पैनिक बाइंग की कोई जरूरत नहीं है.

Latest and Breaking News on NDTV

भारत के पास 60 दिनों से ज्यादा का भंडार- फडणवीस बोले

महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पेट्रोल‑डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती के लिए केंद्र सरकार की सराहना करते हुए कहा कि इससे वैश्विक ऊर्जा अस्थिरता के बीच भारतीय उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि देश में रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और 60 दिनों से अधिक के लिए घरेलू ईंधन भंडार सुरक्षित है. फडणवीस ने “लॉकडाउन” और “ईंधन खत्म होने” जैसी खबरों को पूरी तरह भ्रामक बताते हुए चेतावनी दी कि ऐसी अफवाहें फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें : Crude Oil Prices: फरवरी के मुकाबले 62% तक महंगा! जानिए भारत को क्‍या भाव खरीदना पड़ रहा कच्‍चा तेल

गुजरात में तेल सप्लाई की क्या स्थिति

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्षभाई ने गांधीनगर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य में ईंधन की स्थिति, लॉकडाउन से जुड़ी अफवाहों और सरकार की आगे की तैयारियों को लेकर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने स्पष्ट किया कि पेट्रोल, डीजल और गैस की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी की आशंका नहीं है. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से लॉकडाउन या ईंधन संकट की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सरकार सख्त है और अब तक ऐसे 17 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है.

उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें, घबराहट में खरीदारी न करें और अगर कोई गलत जानकारी फैलाता दिखे तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, क्योंकि इस तरह की अफवाहें समाज में डर का माहौल पैदा करती हैं और इन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

ये भी पढ़ें ; पश्चिम एशिया में जंग, होर्मुज का चैलेंज... कई चुनौतियों को पार कर भारत पहुंचते है तेल-गैस से भरे जहाज

तेलंगाना: मंत्री रेड्डी का दावा, सप्लाई डिमांड से आगे

तेलंगाना के सिविल सप्लाई और सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है. उन्होंने बताया कि अगले 3 महीनों के लिए पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई डिमांड से ज्यादा रखी जा रही है. मंत्री ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल पंपों पर दिखने वाले कुछ अस्थायी ‘नो स्टॉक' बोर्ड टैंकर की देरी के कारण हैं, न कि किसी वास्तविक संकट की वजह से.

Latest and Breaking News on NDTV

उमर अब्दुल्ला ने अफवाहों से सावधान रहने को कहा

जम्मू‑कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार की गारंटी के चलते केंद्रशासित प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और केरोसिन की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में अफवाहों के कारण पैनिक बाइंग हुई, लेकिन सरकार रोजाना सप्लाई की निगरानी कर रही है. उमर ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ईंधन और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया.

ये भी पढ़ें ; पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती से किसे होगा लाभ, आम लोगों पर कितना पड़ेगा असर?

Latest and Breaking News on NDTV

छत्तीसगढ़: सीएम विष्णु देव साय बोले—सप्लाई चेन पूरी तरह सामान्य

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को ईंधन और रसोई गैस की उपलब्धता पर कड़ी निगरानी रखने और जमाखोरी पर सख्त एक्शन के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है और किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी. मुख्यमंत्री ने लोगों से चिंता न करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की.

Latest and Breaking News on NDTV

पंजाब: भगवंत मान ने कहा-पैनिक बाइंग की जरूरत नहीं

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी जनता को आश्वस्त किया कि राज्य में तेल और घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. उन्होंने कहा कि ईंधन जमा करना खतरनाक हो सकता है और अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है. सीएम मान ने यह भी बताया कि गेहूं खरीद और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है.

केंद्र और तेल कंपनियों की भी सफाई

इस बीच, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और तेल कंपनियों जैसे एचपीसीएल ने भी दोहराया है कि देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की सप्लाई सामान्य है. कंपनियों के मुताबिक रिफाइनरियां पूरी क्षमता पर चल रही हैं, भंडार मजबूत हैं और हालिया भीड़ की वजह सिर्फ गलत सूचना है.
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com