विज्ञापन

विटामिन से लेकर शिलाजीत तक पर कंपनियां कर रही हैं भ्रामक दावे, FSSAI की जांच में कई उत्पाद फेल

FSSAI ने कहा है कि निर्माण इकाइयों में खराब साफ-सफाई, एक्सपायरी सामग्री के इस्तेमाल और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को बेहद गंभीरता से लिया गया है. प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि नियमों को तोड़ने वाली कंपनियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

विटामिन से लेकर शिलाजीत तक पर कंपनियां कर रही हैं भ्रामक दावे, FSSAI  की जांच में कई उत्पाद फेल
सांकेतिक तस्वीर
NDTV

अगर आप सेहत बेहतर बनाने के लिए विटामिन सप्लीमेंट, शिलाजीत, हर्बल सिरप या न्यूट्रास्यूटिकल कैप्सूल का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपको चौंका सकती है. खाद्य सुरक्षा नियामक FSSAI की जांच में कई कंपनियों के उत्पादों में गंभीर खामियां सामने आई हैं. कहीं तय सीमा से ज्यादा विटामिन मिले, कहीं एक्सपायरी हो चुके कच्चे माल का इस्तेमाल हुआ, तो कहीं ऐसे दावे किए गए जो नियमों के खिलाफ हैं. कुछ मामलों में लाइसेंस निलंबित करने तक की कार्रवाई की गई है.

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने न्यूट्रास्यूटिकल उत्पाद बनाने वाली कई कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है. जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन, गुणवत्ता संबंधी कमियों और भ्रामक दावों के कई मामले सामने आए. 

प्राधिकरण का कहना है कि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जांच में एयरन हर्बल्स के Lycowey Syrup में थायमिन, विटामिन E, कॉपर, सेलेनियम और जिंक की मात्रा तय मानकों से अधिक पाई गई. 

नियमों के मुताबिक जानकारी नहीं

कंपनी के Maxford Knee Relief उत्पाद पर घुटनों के दर्द से राहत देने के ऐसे दावे किए गए, जिन्हें भ्रामक माना गया. उत्पाद में थायमिन की मात्रा भी निर्धारित सीमा से अधिक मिली. इसके अलावा हर्बल सामग्री की जानकारी भी नियमों के मुताबिक नहीं दी गई थी.

एक्वाब्लिस लाइफसाइंसेज की निर्माण इकाई में एक्सपायरी हो चुके कच्चे माल के इस्तेमाल का मामला सामने आया. निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में साफ-सफाई और स्वच्छता की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई.

रस्कम हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के उत्पादों में शिलाजीत नामक ऐसे घटक के इस्तेमाल का पता चला, जिसे संबंधित उत्पाद में उपयोग की मंजूरी नहीं थी. जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी जरूरी रिकॉर्ड और दस्तावेजों का उचित रखरखाव नहीं कर रही थी.

कैप्सूल में ऐसे बैक्टीरिया भी पाए गए

सुपरक्योर बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड के Gemkolin 9G कैप्सूल में बायोटिन की मात्रा 100 माइक्रोग्राम पाई गई, जबकि इसकी अधिकतम अनुमत सीमा 40 माइक्रोग्राम है. कंपनी के एक अन्य उत्पाद में विटामिन E कैप्सूल के नाम पर गेहूं के तेल का उपयोग किया गया, जिसे भ्रामक माना गया. इसके अलावा कुछ खाद्य एडिटिव्स की जानकारी भी उत्पाद लेबल पर नहीं दी गई थी. जांच में Superbiotic कैप्सूल में ऐसे बैक्टीरिया भी पाए गए, जिनके उपयोग की अनुमति नहीं है.

अम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर में भी कई गंभीर कमियां मिलीं. जांच के दौरान पता चला कि न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों के निर्माण में एक्सपायरी हो चुके कच्चे माल और अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था. फैक्ट्री परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी खराब पाई गई.

वहीं वेदांत रेमेडीज प्राइवेट लिमिटेड में आर्टिफिशियल इलायची और स्ट्रॉबेरी फ्लेवरिंग तैयार करने के लिए एक्सपायरी हो चुकी सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था. निरीक्षण में यह भी सामने आया कि फैक्ट्री में रखरखाव, स्वच्छता, बुनियादी निर्माण सुविधाओं और टेस्टिंग व्यवस्था में कई खामियां मौजूद थीं.

FSSAI ने कहा है कि निर्माण इकाइयों में खराब साफ-सफाई, एक्सपायरी सामग्री के इस्तेमाल और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को बेहद गंभीरता से लिया गया है. प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि नियमों को तोड़ने वाली कंपनियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानकों के अनुरूप उत्पाद मिल सकें.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
FSSAI, Shilajit
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com