नेपाल-तिब्बत सीमा के पास अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद सैकड़ों लोगों के लापता होने की खबर है. लापता लोगों में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सुभ्रांशु रॉय की पत्नी शर्मिष्ठा भौमिक रॉय भी शामिल हैं. परिवार के अनुसार 25 अगस्त की रात से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया है. इस खबर के बाद परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है.
कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं शर्मिष्ठा
सुभ्रांशु रॉय पश्चिम बंगाल के बिजपुर से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक रह चुके हैं. उनकी पत्नी शर्मिष्ठा भौमिक रॉय 21 अगस्त को एक ट्रैवल एजेंसी के जरिए आयोजित कैलाश मानसरोवर यात्रा पर नेपाल गई थीं. वह इस यात्रा में अकेले शामिल हुई थीं. बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान ही प्राकृतिक आपदा ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया.
कोलकाता से गया 32 लोगों का दल भी लापता
कोलकाता से कैलाश मानसरोवर यात्रा पर निकला 32 लोगों का एक दल भी फिलहाल संपर्क से बाहर है. इस समूह में 30 पर्यटक और दो टूर मैनेजर शामिल थे. यह दल 21 अगस्त को कोलकाता से रवाना हुआ था और अगले दिन नेपाल पहुंचा था. बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे समूह के सदस्य नेपाल-तिब्बत सीमा के पास रसुवागढ़ी स्थित इमिग्रेशन कार्यालय में मौजूद थे. इसके कुछ देर बाद अचानक बाढ़ आने की खबर सामने आई.
भूकंप के बाद आई बाढ़
नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के मुताबिक बुधवार सुबह 8:37 बजे तिब्बत क्षेत्र में भूकंप आया था. इसके करीब तीन मिनट बाद अचानक बाढ़ की सूचना मिली. नेपाली अधिकारियों का मानना है कि भूकंप के झटकों से ग्लेशियर फटने की घटना हुई होगी, जिससे भारी मात्रा में पानी नीचे की ओर आया और बाढ़ की स्थिति बन गई.
सैकड़ों लोगों का अब भी नहीं चला पता
इस आपदा ने मध्य नेपाल के कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है. बस्तियां उजड़ गई हैं, कई पुल बह गए हैं और जलविद्युत परियोजनाओं समेत महत्वपूर्ण ढांचे को नुकसान पहुंचा है. अब तक करीब 270 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 750 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं. इनमें 288 भारतीय भी शामिल हैं. सड़कें और संचार व्यवस्था क्षतिग्रस्त होने के कारण राहत और बचाव कार्य में भी काफी मुश्किलें आ रही हैं.
यह भी पढ़ें- नेपाल के ऊपर बन रहा 5 हजार करोड़ लीटर का एक और वॉटर बम, एक बार फिर आ सकती है आफत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं