विज्ञापन

TMC के पूर्व विधायक का फंदे से लटका मिला शव, ममता बनर्जी के कार्यकाल में थे डिप्टी स्पीकर

TMC Former MLA Ashish Banerjee: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व मंत्री आशीष बनर्जी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. उनका शव पार्टी ऑफिस में फंदे से लटका मिला है.

TMC के पूर्व विधायक का फंदे से लटका मिला शव, ममता बनर्जी के कार्यकाल में थे डिप्टी स्पीकर
TMC के पूर्व विधायक की संदिग्ध मौत
  • पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व MLA आशीष बनर्जी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.
  • रविवार सुबह आशीष बनर्जी का शव उनके घर के पास स्थित पार्टी ऑफिस में फांसी के फंदे से लटका मिला था
  • आशीष बनर्जी ममता बनर्जी के करीबी और टीएमसी के सीनियर नेता थे, जो 5 बार विधायक चुने गए थे.

पश्चिम बंगाल की रामपुरहाट विधानसभा सीट से पांच बार तृणमूल कांग्रेस के विधायक रहे आशीष बनर्जी की संदिग्ध हालात में मौत की जानकारी आई है. बताया जा रहा है कि रविवार सुबह आशीष बनर्जी का शव उनके घर के पास बने पार्टी ऑफिस में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला है. घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया, स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. वहीं जानकारी लगते ही उनके समर्थक भी मौके पर जुटने लगे. बता दें कि आशीष बनर्जी बंगाल में टीएमसी के सीनियर नेता माने जाते थे. वह पिछली ममता सरकार के दौरान विधानसभा में डिप्टी स्पीकर थे. 

रामपुरहाट में रहते थे आशीष बनर्जी

आशीष बनर्जी रामपुरहाट के वार्ड नंबर-5 के हत्तलापारा इलाके में रहते थे. उनके घर के ठीक बगल में तृणमूल कांग्रेस पार्टी का ऑफिस था. रविवार सुबह जब ऑफिस में उनका शव फांसी के फंदे से लटका देखा गया तो तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. इस दौरान इलाके में भीड़ जमा हो गई. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. आशीष बनर्जी 2026 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार ध्रुबा साहा से चुनाव हार गए थे. 

Latest and Breaking News on NDTV

ममता सरकार में कद्दावर नेता थे आशीष बनर्जी

आशीष बनर्जी की गिनती ममता बनर्जी के करीबी नेताओं में होती थी. पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनने के बाद वह ममता सरकार में कई विभागों के मंत्री रह चुके थे. आशीष राज्य के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री और कृषि मंत्री भी थे. वह 2001, 2006, 2011, 2016 और 2021 तक लगातार रामपुरहाट विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने गए थे. पिछली ममता सरकार में वह विधानसभा में डिप्टी स्पीकर थे. उनकी गिनती पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के सीनियर नेताओं में होती थी. हालांकि पिछले चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. 

फिलहाल उनकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस का कहना है कि हर एंगल से मामले की जांच चल रही है. वहीं मामले की जानकारी लगते ही उनके समर्थक भी मौके पर पहुंचे हैं. 

ये भी पढे़ंः भाषण देते-देते मंत्री जी को आ गया चक्कर, गिरने ही वाले थे कि... VIDEO 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mamata Banerjee Govt, Rampurhat, West Bengal News, TMC News, Trinamool Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com