विज्ञापन
This Article is From Mar 16, 2025

ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में लगी आग, 190 से अधिक लोगों को बचाया गया

अस्पातल में आग लगने की सूचना मिलने के बाद आनन-फानन में मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट कराया गया. कई मरीजों को खिड़की तोड़कर बाहर भी निकाला गया.

ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में लगी आग, 190 से अधिक लोगों को बचाया गया
ग्वालियर के अस्पताल में लगी आग
ग्वालियर:

मध्यप्रदेश में ग्वालियर शहर स्थित एक सरकारी अस्पताल में शनिवार रात आग लग गई, जिसके बाद 190 से अधिक मरीजों को बचा लिया गया. जानकारी के अनुसार अस्पताल के केआरएच यूनिट में आग लगी थी. आग एसी के फटने की वजह से लगी . जिस समय अस्पताल में आग लगी उस दौरान लेबर यूनिट में 16 मरीज और अन्य वार्डों में 180 से ज्यादा मरीज भर्ती थे. आग लगने की सूचना मिलने के फौरन बाद इन सभी मरीजों को यहां से निकाला गया.इस आग में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है.

ग्वालियर की जिलाधिकारी रुचिका चौहान ने बताया कि आग रात करीब एक बजे कमला राजा अस्पताल के स्त्री रोग विभाग की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) के ‘एयर-कंडीशनर' में लगी. यह अस्पताल गजरा राजा मेडिकल कॉलेज का हिस्सा है. अधिकारियों ने बताया कि आईसीयू से 13 मरीजों सहित 190 से अधिक मरीजों को बचा लिया गया और उन्हें दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया. चौहान ने बताया कि अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने आईसीयू में भर्ती मरीजों को खिड़कियां तोड़कर तत्काल बाहर निकाला और उन्हें ‘सुपर स्पेशलिटी' अस्पताल में भर्ती कराया.

जिलाधिकारी ने बताया कि अस्पताल के आईसीयू और अन्य वार्ड में भर्ती सभी मरीज सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जाएगी. राज्य के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि कमला राजा अस्पताल के स्त्री रोग विभाग में आग लगने का कारण संभवतः शॉर्ट सर्किट है.

अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों और ‘वार्ड बॉय' ने मरीजों को तुरंत बाहर निकाला और ग्वालियर नगर निगम की दमकल गाड़ियों ने बाद में आग पर काबू पा लिया. विज्ञप्ति में बताया गया कि आईसीयू से 13 मरीजों और अस्पताल के अन्य वार्ड से लगभग 180 मरीजों को निकालकर मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया.

अस्पताल में एक मरीज की देखरेख के लिए मौजूद उसके रिश्तेदार ने कहा, ‘‘आग लगने से अस्पताल परिसर धुएं से भर गया. वहां मौजूद कर्मियों ने सभी मरीजों को तुरंत स्थानांतरित करना शुरू कर दिया. उस समय कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था. फिलहाल हमारा मरीज ठीक है और उसे नयी जगह पर ले जाया गया है.''

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Fire In Gwalior Hospital, Fire At Jayarogya Hospital
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com