Farmers' Protest LIVE Updates: तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का विरोध-प्रदर्शन और धरना जारी है. गुस्साए और आंदोलनरत किसानों का एक जत्था दिल्ली बॉर्डर पर ही अड़ गया है और बुराड़ी मैदान जाने से इनकार कर दिया है. उधर कुछ किसानों ने दिल्ली-हरियाणा सिंघु बॉर्डर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका है. सिंघु बॉर्डर अभी भी दोनों ओर से बंद है. दिल्ली पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेने की अपील की है. मुकरबा चौक और जीटीके रोड से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया गया है. वहां ट्रैफिक जाम है, गाड़ियों का काफिला लगा है. पुलिस ने कहा है कि कृपया सिग्नेचर ब्रिज से रोहिणी और इसके विपरीत, GTK रोड, NH 44 और सिंघु बॉर्डर तक बाहरी रिंग रोड से बचें.
दूसरी तरफ दिल्ली पहुंचे किसानों की आज बैठक हो रही है, जिसमें वो आगे की रणनीति तय करेंगे. इससे पहले शुक्रवार-शनिवार की रात हजारों किसानों ने हरियाणा-दिल्ली सिंघु बॉर्डर पर गुजारी. बॉर्डर पर भारी सुरक्षा बल की तैनाती की गई है. दिल्ली सरकार से बुराड़ी के निरंकारी ग्राउंड में शांतिपूर्ण प्रदर्शन की इजाजत मिलने के बाद पंजाब और हरियाणा से किसानों का नया जत्था भी रवाना हो चुका है. बुराड़ी ग्राउंड में किसानों के लिए तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक करीब 15 से 20 हजार किसान आज पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान से दिल्ली में आंदोलन में हिस्सा लेने पहुंच सकते हैं. इसे देखते हुए पुलिस ने अपने सभी जिलों की यूनिट को अलर्ट पर रखा है. लोकल इंटेलीजेंस यूनिट के भी कई दर्जन अधिकारियों को दिल्ली के सभी बॉर्डर पर पहले से ही तैनात किया जा चुका है.भोपरा बॉर्डर, अप्सरा बॉर्डर, कासना बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं.
दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों का स्वागत ‘अतिथि' के तौर पर करते हुए उनके खाने, पीने और आश्रय का बंदोबस्त किया. राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न प्रवेश बिंदुओं से हजारों किसानों को प्रवेश करने और उत्तरी दिल्ली के मैदान में कृषि कानूनों के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन की अनुमति दी गई है. किसानों के कुछ प्रतिनिधियों ने बुरारी में अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ निरंकारी समागम ग्राउंड का मुआयना किया था.