सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम ने तकनीकी आउटेज यानी सर्वर डाउन का सामना किया. शुक्रवार शाम अचानक मेटा के मुख्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म डाउन हो गए. यूजर्स को स्क्रॉलिंग और पोस्ट करने में परेशानी का सामना करना पड़ा. भारत समेत दुनियाभर के लाखों यूजर्स ने इस तकनीकी समस्या का सामना किया. दोपहर बाद से ही यूजर्स को इन ऐप्स को एक्सेस करने और इस्तेमाल करने में परेशानी का सामना करना पड़ा.
लोगों को क्या आ रही परेशानी?
एक्स पर कई फेसबुक और इंस्टाग्राम यूजर्स अपनी शिकायतें दर्ज करा रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि वे अपने आप अकाउंट से लॉग आउट हो रहे हैं. वहीं दोबारा लॉगइन होने में भी दिक्कत हो रही है. इसके अलावा इंस्टाग्राम पर फीड रिफ्रेश नहीं हो पा रही है. यूजर्स को नया कंटेंट, रील्स या स्टोरीज लोड करने में समस्या आ रही है. फेसबुक और इंस्टाग्राम पर यूजर्स को मैसेज करने में भी दिक्कत हो रही है.
कई देशों के यूजर्स को हुई दिक्कत
ये दोनों प्लेटफॉर्म मेटा के ही हैं. फिलहाल कंपनी की तरफ से इस तकनीकी खराबी को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है. भारत के साथ अमेरिका, यूके और ऑस्ट्रेलिया समेत दुनिया के कई अलग-अलग देशों के यूजर्स मेटा के तीनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में समस्याओं को रिपोर्ट कर रहे हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी यूजर्स ने फेसबुक और इंस्टाग्राम के डाउन होने को रिपोर्ट किया. एक यूजर ने लिखा कि इंस्टाग्राम डाउन है और मैं अपने फोन पर रील नहीं देख पा रहा हूं. वहीं, अन्य ने लिखा कि मेरा फेसबुक पेज गायब हो गया है और मैं लॉग-इन नहीं कर पा रहा हूं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक मेटा दुनिया की सबसे बड़ी सोशल मीडिया कंपनी है. फेसबुक के मासिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं की संख्या 3.1 अरब से अधिक हो गई है, जिससे यह दुनिया का सबसे बड़ा सोशल नेटवर्क बना हुआ है. वहीं, फोटो और वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के यूजर्स भी करीब 3 अरब के स्तर पर पहुंच चुके हैं.
वहीं, मेटा के मैसेजिंग प्लेटफॉर्म मैसेंजर का इस्तेमाल हर महीने 1 अरब से अधिक लोग कर रहे हैं. कंपनी के मुताबिक, फेसबुक, इंस्टाग्राम, मैसेंजर और व्हाट्सऐप समेत उसके सभी ऐप्स का मासिक उपयोगकर्ता आधार लगभग 4 अरब तक पहुंच गया है.
यह भी पढ़ें: Instagram Reels में आ रहा है ‘Series' का जादुई बटन, अब क्रिएटर्स की होगी अंधाधुंध कमाई!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं