कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार आज राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. उन्हें 30 मई को कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था. डीके शिवकुमार देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री होंगे. वो 1440 करोड़ रुपये से ज्यादा संपत्ति के मालिक हैं. उन्हें देश के सबसे अमीर नेताओं और विधायकों में गिना जाता है. राजनीति के अलावा वो माइनिंग, रियल एस्टेट और एजुकेशन सेक्टर के एक सफल कारोबारी हैं.
देश के सबसे अमीर CM और विधायक
ADR की एक रिपोर्ट के अनुसार, डीके शिवकुमार भारत के सबसे अमीर विधायक हैं. अब वे देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री भी होंगे. डीके शिवकुमार के पास 1,413 करोड़ रुपये की संपत्ति है. डीके शिवकुमार का बिजनेस एम्पायर मुख्य रूप से रियल एस्टेट, कंस्ट्रक्शन, माइनिंग (खनन) और शिक्षा क्षेत्रों में फैला हुआ है. बेंगलुरु में स्थित ग्लोबल मॉल के वे मालिक हैं, जिसकी कीमत करीब 900 करोड़ है.
वे कई प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर और डेवलपर्स कंपनियों में हिस्सेदारी रखते हैं. उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार वीक्रॉस डेवलेपर्स प्राइवेट लिमिटेड, कौस्तूबा प्रोजेक्ट्स और आईकॉन प्रोजेक्ट्स जैसी कंपनियों में उनके बड़े शेयर और निवेश हैं.
अजेय चुनावी जीत का रिकॉर्ड
डीके शिवकुमार जितने सफल बिजनेसमैन हैं, उतने ही सफल राजनेता भी हैं. उन्हें कांग्रेस का संकट मोचन माना जाता है. उन्होंने 1989 से अब तक लगातार 8 बार विधानसभा चुनाव जीता है. वह कर्नाटक के कनकपुरा सीट से चुनाव जीतते आ रहे हैं. यहां उनकी मजबूत पकड़ है. उन्हें 'कनकपुरा का रॉकस्टार' और 'कनकपुर बंदा' कहा जाता है.
धार्मिक स्वभाव के हैं शिवकुमार
कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार काफी धार्मिक प्रवृत्ति के हैं. वे नियमित रूप से मंदिरों, मठों का दौरा करते हैं और ज्योतिष व धार्मिक अनुष्ठानों में गहरी आस्था रखते हैं. धर्म के कामों के लिए वे हमेशा समर्पित रहते हैं. उन्होंने अपनी कनकपुरा विधानसभा के कपली पहाड़ी पर ईसा मसीह की 114 फीट ऊंची प्रतिमा बनाने के लिए अपने ट्रस्ट के जरिए 10 एकड़ जमीन दान की थी, जिसकी काफी चर्चा हुई थी.
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में DK युग का आरंभ! आज 10 मंत्रियों के साथ लेंगे CM पद की शपथ, परमेश्वर बन सकते हैं डिप्टी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं