- डीके शिवकुमार बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लोक भवन के ग्लास हाउस में शाम 4.05 बजे लेंगे
- 10 से 12 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं, कैबिनेट में नए और पुराने नेताओं का मिश्रण होगा
- डिप्टी सीएम पद को लेकर कई विधायकों के समर्थक अपने नेताओं की मांग कर रहे हैं और रैलियां कर रहे हैं
कर्नाटक के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. राज्यपाल थावरचंद गहलोत लोक भवन के 'ग्लास हाउस' में शाम 4.05 बजे उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. उनके साथ 10 से 12 विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. कैबिनेट को लेकर मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान के साथ डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया ने बैठक की थी. इस बैठक में मंत्री बनने वालों के नाम फाइनल किए गए हैं.
डीके शिवकुमार को 30 मई को विधायक दल का नेता चुना गया था. इससे पहले पिछले कुछ महीने से उनकी सिद्धारमैया के साथ सत्ता को लेकर खींचतान चल रही थी. कांग्रेस हाईकमान के आदेश पर सिद्धारमैया ने पिछले हफ्ते मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.
अब आखिरकार डीके शिवकुमार राज्य के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. शपथ ग्रहण से पहले मंगलवार को उन्होंने गांधी परिवार का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी बदौलत ही वह आज यहां तक पहुंचे हैं.
डीके के साथ कौन-कौन बनेगा मंत्री?
कर्नाटक की नई सरकार में कौन-कौन बनेगा मंत्री? इसे लेकर आधिकारिक तौर पर अब तक कुछ साफ नहीं हो पाया है. कैबिनेट को लेकर मंगलवार को दिल्ली में बैठकों का दौर जारी रहा. इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया थे.
न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि डीके की कैबिनेट में नए और पुराने चेहरों का मिश्रण देखने को मिल सकता है. जातीय समीकरण, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और सिद्धरमैया समर्थक नेताओं को ध्यान में रखते हुए संतुलन बनाने की कोशिश की जाएगी.

यह भी चर्चा है कि एक से ज्यादा डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं और सिद्धरमैया मंत्रिमंडल के कुछ सदस्यों को नए मंत्रिमंडल से बाहर किया जा सकता है. अभी डिप्टी सीएम के तौर पर जी. परमेश्वर का नाम सामने आया है.
रविवार को शिवकुमार से मुलाकात के बाद सिद्धरमैया के बेटे और एमएलसी यतींद्र सिद्धरमैया ने कहा था कि उन्हें अगले मंत्रिमंडल में जगह मिलने की पूरी उम्मीद है. उन्होंने दावा किया था कि आलाकमान ने उन्हें मंत्री पद देने का आश्वासन भी दिया है.

कर्नाटक में 34 मंत्री बनाए जा सकते हैं. हालांकि, सूत्रों ने बताया कि बुधवार को 10 से 12 मंत्री ही शपथ लेंगे. अब तक 10 विधायकों के नाम सामने आए हैं, जिन्हें मंत्री बनाया जा सकता है. इनमें- जी. परमेश्वर, केजे जॉर्ज, यतींद्र सिद्धारमैया, प्रियांक खड़गे, एमबी पाटिल, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरेगौड़ा, रामलिंगा रेड्डी, यूटी खदर और ईश्वर खंड्रे शामिल हैं.

यह भी पढ़ेंः कर्नाटक के सीएम तो बन गए DK, लेकिन बीजेपी-जेडीएस के साथ ही अपनों से भी चुनौतियां
डिप्टी सीएम को लेकर घमासान!
कर्नाटक की नई सरकार में डिप्टी सीएम पद को लेकर घमासान शुरू हो गई है. कई विधायकों के समर्थकों ने अपने-अपने नेताओं को डिप्टी सीएम बनाने की मांग की है.
विधायकों के अलग-अलग खेमों ने केएच मुनियप्पा, जी. परमेश्वर, शिवानंद पाटिल, प्रियांक खड़गे, ईश्वर खंड्रे, एचसी महादेवप्पा, सतीश जारकीहोली, एमबी पाटिल, यतींद्र सिद्धरमैया को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग उठी है.
मंगलवार को मुनियप्पा के समर्थकों ने बेंगलुरु में शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने नेता को डिप्टी सीएम बनाने की मांग की. यतींद्र के समर्थकों ने भी मैसूरु के रामास्वामी सर्किल में इसी तरह की रैली की.
इस बीच, महादेवप्पा के समर्थकों ने चामराजनगर जिले के गुंडलुपेट में अपने नेता को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. इसी तरह, बसवना बागेवाड़ी में शिवानंद पाटिल के समर्थकों ने भी ऐसी ही मांग की. प्रियांक खड़गे, ईश्वर खंड्रे और एमबी पाटिल के समर्थकों ने भी अपने-अपने नेताओं को उपमुख्यमंत्री बनाने की मांग करते हुए बयान जारी किए
शपथ से पहले डीके ने गांधी परिवार का जताया आभार
शपथ ग्रहण से पहले डीके शिवकुमार ने X पर पोस्ट करते हुए अपने राजनीतिक सफर में भूमिका निभाने के लिए गांधी परिवार का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि 'मैं अक्सर राजीव गांधी को याद करता हूं, जिन्होंने एक युवा कार्यकर्ता में मुझसे पहले ही क्षमता देखी थी. उन्होंने मुझे बड़े सपने देखने और खुद को जनसेवा के लिए समर्पित करने का आत्मविश्वास दिया.'
X पर की गई अपनी पोस्ट में सोनिया गांधी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, 'सोनिया गांधी ने मुझे नेतृत्व का एक अहम पाठ सिखाया. सच्चे नेता केवल सफलता के क्षणों में ही आपका साथ नहीं देते, वे आपके सबसे कठिन समय में भी आपके साथ खड़े रहते हैं. मेरे जीवन के चुनौतीपूर्ण दौर में मुझ पर उनका विश्वास मेरे लिए हमेशा अनमोल रहेगा.'
The Gandhi family has played a defining role in my political journey, not merely through leadership, but through the faith they placed in me at different stages of my life.
— DK Shivakumar (@DKShivakumar) June 2, 2026
I often reflect on Shri Rajiv Gandhi avaru, who saw potential in a young worker even before I could see it… pic.twitter.com/vHqOHvNYQY
उन्होंने आगे कहा कि 'राहुल गांधी मेरे लिए निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा का स्रोत रहे हैं. उनकी सुनने की तत्परता, लोकतांत्रिक मूल्यों में उनका दृढ़ विश्वास और ज्यादा समावेशी और करुणामय भारत के लिए उनका दृष्टिकोण मुझ जैसे नेताओं को लगातार प्रेरित करता रहता है. प्रियंका गांधी ने हमेशा सुलभ, स्नेही और प्रोत्साहन देने वाली रही हैं. उन्होंने हर कार्यकर्ता के साथ सम्मान और गरिमा का व्यवहार किया है और हमें याद दिलाया है कि राजनीति आखिरकार लोगों से जुड़ने और उनकी आकांक्षाओं को समझने के बारे में है. उनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन का मैं हमेशा से बहुत महत्व रखता हूं.'
शिवकुमार ने गांधी परिवार का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि 'एक जमीनी कार्यकर्ता के रूप में शुरुआत करने वाले और आज कर्नाटक का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपे जाने वाले व्यक्ति के रूप में, मैं उनके विश्वास और प्रोत्साहन के लिए अत्यंत आभारी हूं.'
यह भी पढ़ेंः Exclusive: वे रोते थे, मैंने की थी सीएम बनने की भविष्यवाणी... डीके शिवकुमार के ज्योतिषी के बड़े खुलासे
शपथ ग्रहण के लिए कैसी है तैयारियां?
कर्नाटक में डीके शिवकुमार का शपथ ग्रहण 4 बजकर 5 मिनट होगा. शपथ ग्रहण समारोह पहले विधान सौध की भव्य सीढ़ियों पर आयोजित करने की योजना थी. हालांकि, अब यह लोक भवन में ही होगा.
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला के इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है. कांग्रेस और 'इंडिया' गठबंधन शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ केंद्रीय नेताओं के भी इसमें शामिल होने की संभावना है.
सूत्रों के अनुसार, विभिन्न मठों के महंतों सहित सभी प्रमुख समुदायों के धर्म गुरुओं को आमंत्रित किया गया है. बताया जा रहा है कि समारोह में लगभग 55 संतों और धर्मगुरुओं को आमंत्रित किया गया है. इनमें आदिचुंचनगिरि मठ के प्रमुख निर्मलानंदनाथ स्वामीजी भी शामिल हैं. मुस्लिम धर्मगुरुओं और ईसाई पादरियों को भी कार्यक्रम में बुलाया गया है.

लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह के लिए व्यापक इंतजाम किये गए हैं. विधानसभा सौध और लोक भवन परिसर के आसपास कांग्रेस के झंडे और सोनिया गांधी, राहुल गांधी, शिवकुमार, वेणुगोपाल, सुरजेवाला और सिद्धरमैया सहित कई नेताओं की तस्वीरों वाले बैनर लगाए गए हैं.
बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गए हैं. केवल आमंत्रित किये गए व्यक्तियों को ही प्रवेश मिलेगा.
इस बीच, कर्नाटक सरकार ने शपथ ग्रहण समारोह के दिन विधान सौधा, राजभवन, विकास सौधा और एम.एस. बिल्डिंग में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए आधे दिन की छुट्टी घोषित की है. सरकार ने कहा कि भारी भीड़ और संभावित ट्रैफिक जाम को देखते हुए और सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं