कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी सीएम हाउस रह चुके 'अनुग्रह' में नहीं रहेंगे. डीके शिवकुमार बेंगलुरु स्थित 'कुमारकृपा' में रहने की योजना बना रहे हैं, जो एक 160 साल पुरानी हेरिटेज बिल्डिंग है. डीके शिवकुमार 'कुमारकृपा' में अपने हिसाब से कुछ रिनोवेशन भी करा रहे हैं, जिस पर जेडीएस ने आपत्ति जताई है.
'कुमारकृपा' में रहेगे CM डीके शिवकुमार, किया जा रहा रेनोवेशन
'कुमारकृपा' को अभी तक सरकार के गेस्ट हाउस के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है. जरूरी मंजूरी मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी इन दिनों 'कुमारकृपा' में जरूरी बदलाव करन रहा है, जिसमें 6 फीट की बाउंडरी भी शामिल है. डीके शिवकुमार, वास्तु और एस्ट्रोलॉजी में काफी विश्वास रखते हैं. इसलिए वह इस इमारत में वास्तु के हिसाब से कुछ बदलाव करा रहे हैं. कर्नाटक पीडब्ल्यूडी विभाग के मुताबिक, इन बदलावों को करने में लगभग 3 महीने का समय लगेगा. इसके बाद ही मुख्यमंत्री यहां शिफ्ट हो पाएंगे. ऐसा माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार 'कुमारकृपा' में दशहरा के मौके पर आ सकते हैं.
मुख्यमंत्री आवास में क्यों नहीं रह रहे डीके शिवकुमार?
'अनुग्रह' कर्नाटक में मुख्यमंत्री के सरकारी आवास के तौर पर इस्तेमाल होता रहा है, लेकिन समय के साथ कई मुख्यमंत्रियों ने या तो वहां रहने से परहेज किया, या वहां रहने के कुछ ही समय बाद उसे छोड़ दिया. दरअसल कुछ मुख्यमंत्रियों की वहां रहते हुए उनकी सरकारें मुश्किलों में घिर गईं. ऐसे में राजनीतिक स्टाफ, नौकरशाहों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक पैटर्न देखा और मजाक-मजाक में कहना शुरू कर दिया कि इस घर में ही कुछ दोष है. धीरे-धीरे यह बात एक मान्यता बन गई. सफल या लंबे समय तक पद पर रहने वाले जिन मुख्यमंत्रियों ने दूसरे आवासों को चुना, उन्होंने इस धारणा को और मजबूत किया. शायद यही वजह है कि मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी यहां रहना ठीक नहीं समझा.
ये भी पढ़ें:-'चुप रहो, बैठ जाओ', जब 'डीके-डीके' के नारे सुन कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भड़के मल्लिकार्जुन खरगे
जेडीएस का आरोप- निजी फायदे के लिए हेरिटेज बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा रहे
जनता दल (सेक्युलर) ने 'कुमारकृपा' में हो रहे रेनोवेशन को गलत और इतिहास को खत्म करने की दिशा में उठाया गया कदम बताया है. एक्स पोस्ट में जेडीएस ने कहा, 'बेंगलुरु की पहचान, 160 साल पुरानी हेरिटेज बिल्डिंग 'कुमारकृपा' में डीके शिवकुमार अपने निजी फायदे के लिए बदलाव कर रहे हैं. यह बेहद निंदनीय और शर्मनाक है. चाहे कावेरी हो या अनुग्रह रेजिडेंसी, इतिहास को खत्म करने का यह कदमअहंकारपूर्ण है, 'कुमारकृपा' हेरिटेज बिल्डिंग, जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी रुके थे और जो दीवान के. शेषाद्रि अय्यर की यादें संजोए हुए है, उसे सिर्फ अपनी सुविधा के लिए होम ऑफिस में बदलना इतिहास के साथ बहुत बड़ा धोखा है. इस रेनोवेशन के काम को तुरंत रोकें!'
ये भी पढ़ें:- कर्नाटक में क्रॉस वोटिंग पर बेहद सख्त भाजपा, NDA के 12 विधायकों पर संदेह; एक्शन की तैयारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं