विज्ञापन
This Article is From Oct 20, 2012

दिग्विजय ने किए 27 सवाल, केजरीवाल का जवाब से इनकार

दिग्विजय ने किए 27 सवाल,  केजरीवाल का जवाब से इनकार
नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) के कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल को पत्र भेजकर 27 प्रश्न किए हैं। यद्यपि केजरीवाल ने इस प्रश्नों का जवाब देने से इनकार कर दिया।

कांग्रेस महासचिव ने पत्र में केजरीवाल से उनके गैर सरकारी संगठन को मिली विदेशी मदद और भारतीय राजस्व सेवा (आईएआरएस) के अधिकारी के तौर पर सेवा कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाया।

सिंह ने केजरीवाल से पूछा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों में भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दे क्यों नहीं उठाते हैं।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस महासचिव ने शुक्रवार को केजरीवाल पर हमला बोलते हुए उन्हें 'हिटलर की तरह अहंकार में चूर स्वार्थी महत्वाकांक्षी' इंसान बताया था।

सिंह ने शनिवार को कहा, "जैसा कि मैंने वादा किया था मैं आपको प्रश्न भेज रहा हूं। मैं बहुत खुश होउंगा यदि आप प्रत्येक प्रश्नों का उत्तर ईमानदारी एवं स्पष्टता से देंगे जैसा कि आप दूसरों से करते हैं।"

सिंह ने केजरीवाल से अमेरिकी संगठन आवाज से धन लेने के विषय में प्रश्न पूछा जिसने लीबिया, ट्युनिशिया एवं मिस्र में जनांदोलनों के लिए धन दिया था। उन्होंने कहा कि केजरीवाल केंद्र सरकार पर लोकपाल के लिए दबाव डालते हैं लेकिन गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से कभी प्रश्न नहीं किया, जहां 2002 से लोकायुक्त हैं ही नहीं।

दिग्विजय के उन्हें लिखे गए पत्र पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए केजरीवाल ने कहा, "पत्र जवाब देने लायक नहीं है।" उन्होंने कहा कि पत्र से मालूम होता है कि कांग्रेस कितनी हैरान एवं परेशान है। केजरीवाल ने दिग्विजय के आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया जिसमें उन्होंने कहा था कि वह संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) प्रमुख सोनिया गांधी के नेतृत्व में बनी राष्ट्रीय सलाहकार परिषद (एनएसी) में शामिल होना चाहते थे।

केजरीवाल ने कहा कि उनकी कभी सोनिया गांधी के साथ चाय पीने की इच्छा नहीं हुई क्योंकि एनएसी के सदस्य बैठक में केवल चाय पीते हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Arvind Kejriwal, Digvijay Singh, Congress, अरविंद केजरीवाल, दिग्विजय सिंह, कांग्रेस
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com