विज्ञापन

हाई कोर्ट ने 'फटकार' नहीं लगाई, वीडियो BMC ने हटाया... दीया मिर्जा मामले पर बोले CM फडणवीस

बीएमसी के जागरूकता अभियान के तहत दीया मिर्जा के अलावा, माधुरी दीक्षित, क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और मराठी अभिनेत्री निशिगंधा वाड समेत कई हस्तियों के वीडियो भी पोस्ट किए गए थे. इन सभी के वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद रहे, जबकि सिर्फ दीया मिर्जा का वीडियो हटाया गया.

हाई कोर्ट ने 'फटकार' नहीं लगाई, वीडियो BMC ने हटाया... दीया मिर्जा मामले पर बोले CM फडणवीस
सीएम देवेंद्र फडणवीस और बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा
IANS
  • सीएम फडणवीस ने दीया मिर्जा के वीडियो हटाए जाने को मामूली मामला बताया और हाई कोर्ट की फटकार से इनकार किया
  • फडणवीस ने कहा कि वीडियो हटाने का अधिकार बृहन्मुंबई नगर निगम का है और यह उनका स्वामित्व है
  • बॉम्बे हाई कोर्ट ने वीडियो हटाए जाने पर नाराजगी जताई और बीएमसी को वीडियो फिर से पोस्ट करने का आदेश दिया
मुंबई:

मुंबई में दीपावली के दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद मामले में अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी प्रतिक्रिया दी है. बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा का दीपावली पर पटाखे नहीं फोड़ने की अपील वाला वीडियो हटाए जाने पर सीएम ने कहा कि ये कोई बड़ी बात नहीं है. मुझे नहीं लगता कि हाई कोर्ट ने किसी को 'फटकार' लगाई है. उन्होंने कहा कि हो सकता है कि कोई राय दी गई हो, लेकिन मामला कभी हाई कोर्ट तक पहुंचा ही नहीं, तो फिर फटकार का सवाल ही कहां उठता है?

फडणवीस ने कहा कि जहां तक पोस्ट हटाने की बात है, तो यह पूरी तरह से बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) का अपना अधिकार है. जो भी व्यक्ति कोई अकाउंट संभालता है, उसके पास यह तय करने का अधिकार होता है कि क्या पोस्ट करना है और क्या हटाना है. उन्होंने बस अपने उसी अधिकार का इस्तेमाल किया.

उन्होंने कहा कि भले ही दीया मिर्ज़ा एक सफल और सम्मानित अभिनेत्री हों, लेकिन वे निश्चित रूप से भारत की कोई बड़ी राजनीतिक नेता नहीं हैं. इसलिए, मुझे लगता है कि ये ऐसा मुद्दा नहीं है जो हमारे स्तर से जुड़ा हो. कृपया हमसे हमारे स्तर से जुड़े मामलों के बारे में ही पूछें.

Latest and Breaking News on NDTV

इससे पहले बॉम्बे हाई कोर्ट ने दीया मिर्जा का वीडियो हटाए जाने पर नाराजगी जताई. न्यायमूर्ति गिरीश कुलकर्णी और न्यायमूर्ति डॉ. नीला गोखले की बेंच ने सुनवाई के दौरान कुछ राजनीतिक नेताओं की टिप्पणियों पर नाराजगी जाहिर की. कोर्ट ने कहा कि ऐसी राजनीतिक टिप्पणियों से वे परेशान हैं. बेंच ने याद दिलाया कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है. कोर्ट ने बीएमसी को हटाए गए वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर फिर से पोस्ट करने का आदेश दिया.

दरअसल, बीएमसी ने 1 नवंबर को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दीया मिर्जा का वीडियो पोस्ट किया था. इसमें अभिनेत्री लोगों से दीपावली मनाते समय पर्यावरण और अपनी सेहत का ध्यान रखने की अपील करती नजर आई थीं. उन्होंने कहा था कि पटाखों से होने वाला प्रदूषण सभी के लिए नुकसानदायक है और दीपावली को शोर के बजाय खुशियों के साथ मनाना चाहिए. बीएमसी ने वीडियो के साथ यह भी लिखा था कि बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे फोड़ना प्रतिबंधित है.

हालांकि, वीडियो पोस्ट होने के कुछ घंटों बाद ही मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने इस पर आपत्ति जताई. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बीएमसी को टैग करते हुए लिखा था, 'हमें दीया मिर्जा से दीपावली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है. हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से जुड़ी हुई हैं.' उनकी इस टिप्पणी के बाद बीएमसी ने दीया का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया.

Latest and Breaking News on NDTV

बीएमसी के जागरूकता अभियान के तहत दीया मिर्जा के अलावा, माधुरी दीक्षित, क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और मराठी अभिनेत्री निशिगंधा वाड समेत कई हस्तियों के वीडियो भी पोस्ट किए गए थे. इन सभी के वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद रहे, जबकि सिर्फ दीया मिर्जा का वीडियो हटाया गया. इस बात को लेकर भी सवाल उठे कि जब सभी हस्तियां एक ही तरह की अपील कर रही थीं, तो केवल दीया के वीडियो पर ही आपत्ति क्यों जताई गई.

वीडियो हटाए जाने के बाद दीया मिर्जा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा था कि यह वीडियो बॉम्बे हाई कोर्ट और बीएमसी के निर्देश पर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रिकॉर्ड किया गया था. वायु प्रदूषण एक गंभीर चिंता का विषय है और इसे कम करने के लिए किए जाने वाले हर प्रयास का स्वागत किया जाना चाहिए. अभिनेत्री ने कहा कि वह पिछले एक दशक से पर्यावरण और हवा की गुणवत्ता को लेकर काम कर रही हैं.

इसे भी पढ़ें: दीया मिर्जा की दिवाली अपील, बॉम्बे HC बोला- विवाद से बहुत दुख हुआ, BMC को तुरंत वीडियो अपलोड करने का आदेश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CM Devendra Fadnavis, Dia Mirza Video Controversy, Dia Mirza Video, Dia Mirza Diwali Video, BMC
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com