विज्ञापन

सैयद सुहेल का शो: बाबा बागेश्वर के नॉनवेज वाले बयान पर बवाल, BJP बोली- ये बंगाल तय करेगा क्या खाना है

पश्चिम बंगाल में एक कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दुर्गा पूजा के दौरान नॉन-वेज खाने वालों पर टिप्पणी की, जिसके बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया.

धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर बंगाल में छिड़ी बहस
NDTV

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं. देशभर में हिंदू राष्ट्र और सनातन से जुड़े मुद्दों पर मुखर रहने वाले बाबा बागेश्वर ने पश्चिम बंगाल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दुर्गा पूजा के समय नॉन-वेज पर टिप्पणी की, जिसके बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया.

पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के बाद धीरेंद्र शास्त्री कथा करने कोलकाता पहुंचे थे. मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अधिकारियों से मुलाकात के बाद उन्होंने दरबार लगाया, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे. इसी दौरान उन्होंने मंच से कहा कि इस दुर्गा पूजा में कौन चाहता है कि नॉन-वेज बंद हो? उन्होंने समर्थकों से मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर समर्थन जताने की अपील भी की. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि यह संदेश पूरे पश्चिम बंगाल और राज्य सरकार तक पहुंचना चाहिए.

उन्होंने दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहार को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा में मांसाहारी भोजन करने वाले 'विधर्मी' हैं और इस दौरान मांस-मछली खाने वाले 'पाखंडी' हैं.

बीजेपी अध्यक्ष ने किया विरोध

पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने बाबा बागेश्वर के बयान से अलग राय रखी. उन्होंने कहा कि बंगाली वही खाएंगे जो वे सदियों से खाते आए हैं. सामिक भट्टाचार्य ने कहा, 'क्या बंगाली मछली और मांस नहीं खा सकते? स्वामी विवेकानंद ने भी इस विषय पर बातें कही हैं. यहां मां काली को बकरे की बलि दी जाती है. बाहर से आने वाला कोई धर्मगुरु यह तय नहीं कर सकता कि पश्चिम बंगाल के लोग क्या खाएंगे या क्या पहनेंगे.'

TMC और कांग्रेस ने भी उठाए सवाल

तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत रॉय ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि बागेश्वर बाबा कौन हैं, लेकिन उन्हें बंगालियों के खान-पान पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है. उन्होंने कहा कि जहां तक बंगालियों का सवाल है, स्वामी विवेकानंद भी मांसाहार करते थे. शायद ही कोई उनसे बड़ा बंगाली संत हुआ हो.

कांग्रेस नेता सुमन रॉय चौधरी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक त्योहार नहीं बल्कि एक सामाजिक उत्सव है. उन्होंने कहा कि उत्सव में कौन क्या खाएगा, क्या पहनेगा और किस तरह मां दुर्गा की आराधना करेगा, यह बीजेपी या उनके बाबा लोग तय नहीं करेंगे.

मंत्री दिलीप घोष ने परंपरा का दिया हवाला

पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि बंगाल की संस्कृति और परंपराएं अलग हैं. उन्होंने कहा, "यहां लोग मां काली और अन्य देवी-देवताओं की पूजा करते हैं. कई स्थानों पर पशु बलि दी जाती है. दुर्गा पूजा में नवमी के दिन भी बलि की परंपरा रही है और मांस प्रसाद के रूप में वितरित किया जाता है. यह सदियों पुरानी परंपरा है."

उत्तर भारत और बंगाल की परंपराओं में अंतर

उत्तर भारत में नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में लोग सात्विक भोजन अपनाते हैं. यहां शाकाहार और उपवास को भक्ति और शुद्धता से जोड़ा जाता है. इसके पीछे वैष्णव परंपरा का प्रभाव माना जाता है, जिसमें सात्विक भोजन को विशेष महत्व दिया जाता है.

वहीं पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग मांसाहारी भोजन भी करते हैं. यहां यह मान्यता है कि मां दुर्गा अपने बच्चों के साथ मायके आती हैं और परिवार के सदस्य उनके स्वागत में विविध व्यंजन बनाते हैं.

बंगाल के कई मंदिरों में पशु बलि की परंपरा भी रही है. काली पूजा और शाक्त परंपरा से जुड़े कई धार्मिक आयोजनों में मांसाहारी प्रसाद चढ़ाया और वितरित किया जाता है.

शाक्त दर्शन में देवी को संपूर्ण सृष्टि की मूल शक्ति माना जाता है. इसी कारण बंगाल में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को धार्मिक दृष्टि से अलग नजर से नहीं देखा जाता. प्रदेश की भौगोलिक स्थिति और मछली आधारित भोजन संस्कृति का भी इस परंपरा पर गहरा प्रभाव रहा है.

दुर्गा पूजा के लिए सरकार ने जारी किए निर्देश

इस बीच राज्य सरकार ने दुर्गा पूजा को लेकर कई व्यवस्थाओं का ऐलान किया है. मंत्री शुभेंदु अधिकारी के अनुसार इस बार महाअष्टमी के दिन 'ड्राई डे' रहेगा और शराब की सभी दुकानें तथा बार बंद रहेंगे. उन्होंने कहा कि शराब बिक्री पर रोक का सख्ती से पालन कराया जाएगा. इसके अलावा दुर्गा पूजा और विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध रहेगा.

सरकार ने बताया कि दुर्गा पूजा की शुरुआत महालया के दिन ईडन गार्डन्स में विशेष कार्यक्रम से होगी, जिसमें बड़े ड्रोन शो और आतिशबाजी का प्रदर्शन भी किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: सैयद सुहेल का शो: लुक आउट सर्कुलर, छापेमारी और 10 टीमें... कैसे पुलिस के हत्थे चढ़ा सत्य निकेतन हादसे का आरोपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Baba Bageshawar, Baba Bageshwar, Baba Bageshwar Dham News, Baba Bageshwar News, Baba Bageshwar News Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com