विज्ञापन

सैयद सुहेल का शो: लुक आउट सर्कुलर, छापेमारी और 10 टीमें... कैसे पुलिस के हत्थे चढ़ा सत्य निकेतन हादसे का आरोपी

दिल्ली के सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के मुख्य आरोपी हरिराम बंसल को पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को पकड़ने के लिए 10 टीमें बनाई गईं.

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के आरोपी गिरफ्तार
NDTV

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए बिल्डिंग हादसे के आरोपी हरिराम बंसल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दिल्ली पुलिस ने उसे राजस्थान के भिवाड़ी से दबोचा. हादसे के बाद से हरिराम फरार चल रहा था और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था. 

पुलिस जांच के मुताबिक हादसे के वक्त हरिराम बंसल की लोकेशन गुरुग्राम में थी. हालांकि, हादसे के बाद जब दिल्ली पुलिस उसके गुरुग्राम स्थित घर पहुंची तो वहां ताला लटका मिला. सेक्टर-23 स्थित उसके आलीशान घर पर सन्नाटा पसरा हुआ था. पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह वहां से फरार हो चुका था.

हरिराम की तलाश में दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था. उसे पकड़ने के लिए 10 अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं. दिल्ली पुलिस, हरियाणा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं. आखिरकार पुलिस ने उसे राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में पुलिस ने हरिराम बंसल समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. हरिराम की पत्नी उर्मिला बंसल को भी गिरफ्तार किया गया है. इसके अलावा उसके बेटे महेश बंसल को भी पुलिस ने पकड़ लिया है.

अब दिल्ली पुलिस हरिराम बंसल से पूछताछ करेगी. जांच एजेंसियां यह जानना चाहती हैं कि हादसे के बाद वह क्यों फरार हुआ. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि क्या उसने किसी सबूत को मिटाने का प्रयास किया था. FIR दर्ज होने के बाद आखिर वह अपने घर से क्यों भाग गया, यह भी जांच का अहम बिंदु है.

गुरुग्राम में आलीशान कोठी, कई प्रॉपर्टी का मालिक

जानकारी के मुताबिक हरिराम बंसल गुरुग्राम के पॉश सेक्टर-23 इलाके में रहता है. यहां उसकी एक आलीशान कोठी है. इसी इलाके के मार्केट में उसकी एक हार्डवेयर की दुकान भी है. बताया जा रहा है कि हादसे के समय वह इसी दुकान पर मौजूद था.

हरिराम बंसल के पास दिल्ली और हरियाणा में कुल 4 से 5 प्रॉपर्टी हैं. गुरुग्राम के इसी इलाके में उसके बेटे और बेटी भी रहते हैं. सोमवार सुबह जब पुलिस उसके घर पहुंची तो वहां कोई मौजूद नहीं था. हालांकि बाहर से ही उसके घर की भव्यता और ठाठ-बाट का अंदाजा लगाया जा सकता है. पुलिस के अनुसार दिल्ली में उसकी कई आवासीय जमीनें और फ्लैट हैं. सत्य निकेतन में हादसे का शिकार हुई इमारत भी इन्हीं संपत्तियों में शामिल थी.

आनंद बंसल की भूमिका भी जांच के घेरे में

जांच में यह भी सामने आया है कि आनंद बंसल और हरिराम बंसल दोनों भाई हैं. आनंद बंसल हादसाग्रस्त इमारत के पास ही रहता है और कथित तौर पर प्रॉपर्टी की देखरेख का काम वही कर रहा था। उसकी इलाके में एक दुकान भी है. पुलिस सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है. हालांकि अब तक की जांच के आधार पर हादसे में दोनों भाइयों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

MCD के 5 अधिकारी सस्पेंड

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने MCD के पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया है. निलंबित अधिकारियों में दक्षिणी जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर रणवीर सिंह, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (बिल्डिंग) ललित कुमार, असिस्टेंट इंजीनियर (बिल्डिंग) सुनील चौहान और जूनियर इंजीनियर (बिल्डिंग) आशीष कुमार शामिल हैं. सरकार ने इन सभी अधिकारियों के निलंबन के आदेश तत्काल प्रभाव से जारी कर दिए हैं.

10 टीमों ने चलाया सर्च ऑपरेशन

दिल्ली पुलिस ने हरिराम बंसल को पकड़ने के लिए 10 अलग-अलग टीमें गठित की थीं. इनमें लोकल पुलिस, स्पेशल स्टाफ और जिले की विभिन्न ऑपरेशन यूनिट के पुलिसकर्मी शामिल थे. सभी टीमों का नेतृत्व एडिशनल डीसीपी रैंक के अधिकारी कर रहे थे.

यह भी पढ़ें: मालिक हरिराम और पत्नी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत... सत्य निकेतन हादसे में अब तक क्या-क्या हुआ?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Satya Niketan, Satya Niketan Accident, Satya Niketan Building, Satya Niketan Building Case, Satya Niketan Building Collapse
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com