कोटा स्थित बहुचर्चित चंदसेल मठ के महंत देवानंद महाराज की बीते 5 जून की हत्या हुई थी. वहीं अब पुलिस ने 6 दिन बाद इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है. कोटा पुलिस के पास इस हत्याकांड में शुरू में कोई सुराग नहीं थे, लेकिन कड़ियों को जोड़ते हुए अब पुलिस ने इस हत्याकांड का पूरा खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि हत्या की मुख्य वजह मठ के ट्रस्ट का विवाद था. इसके साथ ही 750 बीघा बेशकीमती जमीन और बैंक में जमा करोड़ों रुपये को हड़पने की साजिश रची गई थी. चौंकाने वाली बात यह है कि इस हत्या का मास्टरमांइड एक वकील निकला.
कोटा शहर एसपी तेजस्विनी गौतम ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष राय और पुष्पेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल मुख्य शूटर आदित्य वर्मा समेत अन्य आरोपियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है.
क्यों रची गई थी महंत की हत्या की साजिश
एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि शुरुआती जांच में पुलिस और महंत के परिजनों को मठ के ही दूसरे संत नंदन वन पर हत्या का शक था. लेकिन जांच आगे बढ़ी तो संत नंदन वन निर्दोष पाए गए और वे पुलिस के लिए मददगार साबित हुए. संत नंदन वन से मिली कड़ियों और पुलिस पूछताछ में एडवोकेट संतोष राय का नाम सामने आया. संतोष राय खुद को कथित रूप से मठ के ट्रस्ट का अध्यक्ष होने का दावा करता था और इसके लिए उसने देवस्थान विभाग में अर्जी भी लगा रखी थी. संदेह के घेरे में आने के बाद जब पुलिस ने वकील संतोष राय पर निगरानी बढ़ाई और कड़ाई से पूछताछ की, तो परत-दर-परत चौंकाने वाली हकीकत सामने आ गई.
पुलिस जांच में सामने आया कि एडवोकेट संतोष राय की नजर मठ की अकूत संपत्ति पर थी. वह किसी भी तरह मठ की 750 बीघा बेशकीमती जमीन को हथियाना चाहता था. साथ ही बैंक खाते में जमा 4 करोड़ से ज्यादा की राशि पर कब्जा करना चाहता था.
आदित्य को दी महंत की हत्या की सुपारी
पुलिस के मुताबिक रास्ते का रोड़ा बन रहे महंत देवानंद महाराज को हटाने के लिए संतोष राय ने आदित्य वर्मा नाम के एक शातिर बदमाश को हायर किया और महंत की हत्या के लिए 1 लाख रुपए की सुपारी दे दी. इसके बाद आदित्य वर्मा ने अपने 3 अन्य साथियों के साथ मिलकर 5 जून को मठ में प्रवेश किया और महंत की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी.
एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि पुलिस ने हत्याकांड के मास्टर माइंड एडवोकेट संतोष राय और उसके एक साथी पुष्पेंद्र को दबोच लिया है. वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी आदित्य वर्मा और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. आदित्य वर्मा की पत्नी ने भी सबूतों को मिटाने में मदद की. आदित्य की पत्नी को भी राउंड अप कर लिया हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.
यह भी पढ़ेंः प्रेमिका से मिलने गए 19 साल के युवक को पीट-पीटकर मार डाला, गांव में तनाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं